ऐप के जरिए कैब सर्विसेज देने वाली Didi Global Inc के शेयर में मंगलवार को अमेरिका में प्री-मार्केट ट्रेड के दौरान लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट आई। चीन के रेगुलेटर ने कंपनी की ऐप को हटाने का आदेश दिया है जिससे इसके शेयर में भारी बिकवाली हुई है। इसकी हाल ही में न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग हुई थी।
सायबरस्पेस एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ चाइना (CAC) ने कंपनी के डेटा से जुड़ी जांच के बाद इसकी ऐप को मोबाइल ऐप स्टोर्स से हटाने का आदेश दिया था।
अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज पर मंगलवार को प्री-मार्केट ट्रेड में इसका शेयर लगभग 25 प्रतिशत गिरकर 11.59 डॉलर पर आ गया। इसकी पिछले महीने के अंत में 16.65 डॉलर के प्राइस पर लिस्टिंग हुई थी।
कंपनी के शेयर में भारी गिरावट से इसके मार्केट कैपिटलाइजेशन में लगभग 19 अरब डॉलर की कमी आई है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी को रेगुलेटर ने पब्लिक ऑफर को टालने और नेटवर्क सिक्योरिटी की समीक्षा करने का निर्देश दिया था।
कंपनी ने सोमवार को कहा था कि चीन में उसकी ऐप पर प्रतिबंध लगने से उसके रेवेन्यू पर नकारात्मक असर पड़ेगा। हालांकि, मौजूदा यूजर्स के लिए ऐप उपलब्ध है।