Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने गुरुवार 7 अगस्त को आखिरी घंटे में जबरदस्त वापसी की। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपनी शुरुआती गिरावट की भरपाई करते हुए हरे निशान में बंद हुए। अमेरिका-भारत के बीच ट्रेड डील पर बातचीत की संभावना ने निवेशकों के मनोबल को ऊंचा किया, जिसके चलते आखिरी घंटे में तेज खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर 79,824.61 से 700 अंक की रिकवरी करते हुए 80,623.26 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 220 अंकों की गिरावट से उबरकर 24,550 के पार पहुंच गया।
शेयर बाजार की इस तेज रिकवरी के पीछे 5 बड़ी वजहें रहीं-
1. अमेरिका के नरम रुख की उम्मीद
जियोजीत इनवेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, "शुरुआत में अमेरिकी टैरिफ के कारण बिकवाली हावी रही, लेकिन ट्रंप-पुतिन-जेलेंस्की के बीच बातचीत की खबरों ने व्यापारिक तनाव के नरम होने की उम्मीद जगाई।"
2. व्यापार वार्ता की संभावनाएं बरकरार
अमेरिका ने भारत पर टैरिफ की दर 50% तक बढ़ाने की घोषणा ने निवेशकों को जरूर चौंकाया है। लेकिन जानकारों का मानना है कि अभी भी बातचीत की गुंजाइश बची है। स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने कहा, "अभी कोई नया नेगेटिव झटका नहीं है। अमेरिका के एक ट्रेड डेलीगेशन के 24 अगस्त को भारत आने की उम्मीद है, जिससे निवेशकों को राहत मिली है।"
3. ग्लोबल बाजारों से पॉजिटिव संकेत
एशियाई बाजारों से आज पॉजिटिव संकेत मिले। साउथ कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग हरे निशान में रहे। अमेरिका के बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे और वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स भी मजबूती के संकेत दे रहे थे।
अमेरिका डॉलर के मुकाबले रुपया गुरुवार को 5 पैसे मजबूत होकर 87.67 पर पहुंच गया। इससे विदेशी निवेश में स्थिरता बनी रही। डॉलर इंडेक्स में नरमी और विदेशी पूंजी के फ्लो ने रुपये को सपोर्ट दिया।
5. निचले स्तर पर वैल्यू बाइंग
शेयर बाजार में आई हालिया गिरावट को कई निवेशकों ने अच्छे वैल्यूएशन और क्वालिटी वाले शेयरों पर दांव लगाने के मौके के रुप में देखा। इसके चलते ऑटो, फार्मा और आईटी शेयरों में निचले स्तर पर भारी खरीदारी देखने को मिली। इससे बाजार में व्यापक स्तर पर रिकवरी आई।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।