Adani Group Shares: अदाणी ग्रुप के अधिकतर शेयरों में बुधवार 5 जुलाई को तेजी देखी गई। ग्रुप की शेयर बाजार में सूचीबद्ध कुल 10 कंपनियों में से 6 के शेयर हरे निशान में बंद हुए। वहीं 4 कंपनियों के शेयर लाल निशान यानी गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे अधिक तेजी एनडीटीवी (NDTV) के शेयरों में देखी गई, जो बीएसई पर 1.88 फीसदी की तेजी के साथ 227.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ। इसके बाद सबसे अधिक तेजी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के शेयरों में रही, जो ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी है। अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर बीएसई पर 0.47 फीसदी की तेजी के साथ 2,399.00 रुपये के भाव पर बंद हुए।
ग्रुप के बाकी शेयरों में अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) का शेयर 0.32 फीसदी की तेजी के साथ 434.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयर 0.16 फीसदी की बढ़त के साथ 742.30 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसके अलावा अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) के शेयर 0.04 फीसदी की तेजी के साथ 946.90 रुपये और अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) के शेयर 0.02 फीसदी की तेजी के साथ 650.10 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
वहीं दूसरी ओर अदाणी ग्रुप के 4 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट अदाणी पावर (Adani Power) के शेयरों में देखने को मिली, जो बीएसई पर 0.67 फीसदी टूटकर 245.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
इसके अलावा अदाणी विल्मर (Adani Wilmer) के शेयर 0.21 फीसदी गिरकर 406.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं एसीसी (ACC) के शेयर 0.7 फीसदी गिरकर 1,818.70 रुपये के भाव पर बंद हुए। जबकि अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) 0.03 फीसदी नीचे आकर 770.00 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।
फंडिंग जुटाने की तैयारी में अदाणी ग्रीन एनर्जी
अदाणी ग्रीन एनर्जी ने बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आगामी 6 जुलाई को एक बैठक होगी। इस बैठक में फंडिंग जुटाने की योजना पर विचार किया जाएगा और उसे मंजूरी दी जाएगी। यह फंडिंग इक्विटी शेयरों को जारी करके या दूसरे माध्यमों से जुटाई जा सकती है। इसमें शेयरों का प्राइवेट प्लेसमेंट, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) और प्रेफरेंशियल इश्यू आदि माध्यम शामिल हैं।
Hindenburg ने दिया था अदाणी ग्रुप को झटका
अमेरिका की एक फाइनेंशियल फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने इस साल 24 जनवरी को अदाणी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी किया था। इसमें अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया गया था। ग्रुप ने इन आरोपों से इनकार किया था लेकिन इसके शेयर झटके को संभाल नहीं सके। इन आरोपों के बाद ग्रुप की कंपनियों के शेयर 83 फीसदी तक टूट गए थे। अभी तक अदाणी ग्रुप की किसी भी कंपनी के शेयर पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं।