पिछले कुछ हफ्तों में अदाणी ग्रुप (Adani Group) के शेयरों की तेजी के चलते जीक्यूजी पार्टनर्स के राजीव जैन की पूंजी बेतहाशा तरीके से बढ़ गई। हालांकि इन शेयरों की तेजी से देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी LIC का पोर्टफोलियो अभी भी काफी नीचे है। दिसंबर 2022 में एलआईसी का अदाणी ग्रुप में निवेश 82943 करोड़ रुपये का था जो ग्रुप के शेयरों की बंपर तेजी के बावजूद अभी भी 58577 करोड़ रुपये है यानी कि अभी भी इस साल की शुरुआत से एलआईसी का अदाणी ग्रुप में निवेश वैल्यू करीब 30 फीसदी नीचे है। वहीं राजीव जैन का निवेश लगभग डबल हो चुका है। हालांकि जीक्यूजी पार्टनर्स ने अदाणी ग्रुप में मार्च, जून और अगस्त में निवेश किया था यानी कि हिंडनबर्ग के झटके के बाद गिर चुके भाव पर उन्हें शेयर मिले थे।
LIC का Adani Group की 7 कंपनियों में निवेश
अदाणी ग्रुप की दस कंपनियां मार्केट में लिस्टेड हैं। इसमें से सात कंपनियों में एलआईसी का निवेश है। सितंबर तिमाही के आंकड़ों के हिसाब से ACC में 6.41 फीसदी, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस (Adani Energy Solutions) में 3.68 फीसदी, अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) में 4.23 फीसदी, अदाणी ग्रीन एनर्जी में (Adani Green Energy) में 1.36 फीसदी, अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) में 9.07 फीसदी, अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) में 6.02 फीसदी और अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) में 6.3 फीसदी हिस्सेदारी है।
इसमें से अदाणी पोर्ट्स में एलआईसी का निवेश दिसंबर 2022 से अब तक 25 फीसदी उछलकर 2613 करोड़ रुपये और एसीसी में 314 फीसदी बढ़कर 20208 करोड़ रुपये पर पहुंच चुका है। वहीं दूसरी तरफ अदाणी ग्रुप की बाकी कंपनियों में इसका निवेश दिसंबर 2022 के मुकाबले घट चुका है। अदाणी एनर्जी में इसका निवेश 56 फीसदी, अदाणी एंटरप्राइजेज में 26 फीसदी, अदाणी ग्रीन में 16.3 फीसदी, अदाणी टोटल गैस में 68 फीसदी और अंबुजा सीमेंट्स में 4.3 फीसदी नीचे आ चुका है।
LIC के पोर्टफोलियो की क्या है स्थिति
अदाणी ग्रुप के शेयरों को छोड़ दिया जाए तो एलआईसी का पोर्टफोलियो 12 लाख करोड़ रुपये का है। दिसंबर 2022 तिमाही में इसकी वैल्यू 10.07 लाख करोड़ रुपये थी। अब अगर अदाणी ग्रुप के भी शेयरों को शामिल किया जाए तो दिसंबर 2022 तिमाही में पोर्टफोलियो की वैल्यू 10.90 लाख करोड़ रुपये थी जो अब 15.5 फीसदी बढ़कर 12.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच चुकी है। एलआईसी ने 274 लिस्टेड कंपनियों में पैसा लगाया हुआ है।
सबसे अधिक ITC ने मजबूत किया पोर्टफोलियो
एलआईसी के पोर्टफोलियो को सबसे अधिक मजबूत आईटीसी ने किया है जिसकी वैल्यू दिसंबर 2022 तिमाही में 24 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 86895 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इसके अलावा इस दौरान एलएंडटी में निवेश 36157 करोड़ रुपये से उछलकर 51714 करोड़ रुपये और टीसीएस में 52584 करोड़ रुपये से बढ़कर 63653 करोड़ रुपये हो गया। कोल इंडिया में निवेश 15,259 करोड़ रुपये से 23,863 करोड़ रुपये और इंफोसिस में 42,439 करोड़ रुपये से उछलकर 50,973 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के मुताबिक जीक्यूजी का अदाणी ग्रुप में निवेश 21660 करोड़ रुपये से बढ़कर 39331 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जीक्यूजी में मार्च 2023 से लेकर तीन चरण में ग्रुप की कंपनियों में पैसे लगाए हैं और यह निवेश करीब 82 फीसदी बढ़ चुका है। अदाणी एंटरप्राइजेज में इसका 3,403 करोड़ रुपये का निवेश अब 9,024 करोड़ रुपये, अदाणी ग्रीन में 4,743 करोड़ रुपये का निवेश 8,800 करोड़ रुपये, अदाणी पोर्ट्स में 4,472 करोड़ रुपये का निवेश 7,766 करोड़ रुपये और अदाणी पावर में निवेश 4,245 करोड़ रुपये से उछलकर 8,718 करोड़ रुपये हो गया है।