टैक्सेशन की नीतियों का स्टॉक पर गहरा असर पड़ता है। डेट म्यूचुअल फंड्स (Debt Mutual Funds) से मुनाफे पर टैक्स के बदले नियम के चलते आदित्य बिरला सन लाइफ एएमसी (Aditya Birla Sun Life AMC) के शेयर दो दिन में 12 फीसदी टूट गए। आज की बात करें तो बीएसई पर यह 8 फीसदी से अधिक टूटकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गया। इसके शेयर आज 312.25 रुपये के भाव (Aditya Birla Sun Life AMC Share Price) पर बंद हुआ है लेकिन इंट्रा-डे में यह 309.30 रुपये तक फिसल गया था। इसका फुल मार्केट कैप 8,992.80 करोड़ रुपये है।
टैक्सेशन की नीतियो में क्या हुआ है बदलाव
वित्त बिल 2023 के तहत डेट म्यूचुअल फंड्स के मुनाफे को शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन्स घोषि कर दिया गया। इससे पहले तीन साल या इससे अधिक की होल्डिंग पर इसे लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन माना जाता था और इस पर इंडेक्सेशन बेनेफिट के साथ 20 फीसदी की दर से या इंडेक्सेशन बेनेफिट के बिना 10 फीसदी की दर से टैक्स लगता था। हालांकि अब शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन के तहत लाए जाने पर इस पर स्लैब रेट के हिसाब से टैक्स देनदारी बनेगी। डेट फंड्स ऐसे फंड्स हैं जिसका 35 फीसदी या इससे कम पैसा ही शेयरों में लगता है।
माना जा रहा है कि टैक्सेशन में यह बदलाव इसलिए लाया गया है ताकि एफडी और डेट म्यूचुअल फंडों के बीच के अंतर को कम किया जा सके। चूंकि मार्केट में कई एएमसी लिस्ट हैं तो इस फैसले का किस पर अधिक असर पड़ेगा, इसे मार्केट में हिस्सेदारी से देख सकते हैं। ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर के मुताबिक आदित्य बिरला सन लाइफ एएमसी की 36 फीसदी, एचडीएफसी एएमसी के एयूएम में डेट की भागीदारी 27 फीसदी, निप्पन एएमसी की 23 फीसदी और यूटीआई एएमसी की 15 फीसदी हिस्सेदारी है। ऐसे में बदले हुए टैक्स के नियमों का सबसे अधिक असर आदित्य बिरला सन लाइफ एएमसी और सबसे कम यूटीआई एएमसी पर दिखेगा।
इश्यू प्राइस से 56% नीचे आ चुका है Aditya Birla Sun Life AMC
दो दिनों की गिरावट के बाद आदित्य बिरला सन लाइफ एएमसी के शेयर इश्यू प्राइस से 56 फीसदी नीचे आ चुके हैं। इसके शेयर 712 रुपये के भाव पर जारी हुए थे और घरेलू मार्केट में इसके शेयरों की 11 अक्टूबर 2021 को एंट्री हुई थी। आदित्य बिरला सन लाइफ एएमसी आदित्य बिरला सन लाइफ म्यूचुअल फंड की इनवेस्टमेंट मैनेजर है। यह कनाडा की आदित्य बिरला ग्रुप औ सन लाइफ फाइनेंशियल इंक की जॉइंट वेंचर है। यह देश के सबसे बड़े एसेट मैनेजर्स में शुमार है और इससे देश भर के 280 से अधिक स्थानों से करीब 81 लाख निवेशक जुड़े हैं। अक्टूबर-दिसंबर 2022 के आंकड़ों के मुताबिक इसके म्यूचुअल फंड का तिमाही एयूएम (QAUM) 2.82 लाख करोड़ रुपये है।