डिफेंस के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए भारत ने आज एक और कदम आगे बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने वडोदरा में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की ओर से C-295 सैन्य विमान के निर्माण के लिए स्थापित टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। स्पेन की कंपनी एयरबस के सहयोग से टाटा ग्रुप भारत में C-295 सैन्य विमान बनाएगा। इससे पहले दोनों नेताओं ने वडोदरा एयरपोर्ट से टाटा के प्लांट तक करीब पौने तीन किलोमीटर का रोड शो किया। एयरबस और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स मिलकर वडोदरा प्लांट में 40 विमान बनाएंगे। पहला विमान 2026 तक बनेगा। इस प्लांट के शुरू होने से देश की एविएशन इंडस्ट्री में नई नौकरियों के अवसर मिलेंगे। इस प्रोजेक्ट से सीधे तौर पर तीन हजार से ज्यादा नौकरियां पैदा होंगी। जबकि इससे जुड़ी सप्लाई चेन में 15 हजार से ज्यादा नौकरियां पैदा होंगी।
