एलुमिनियम और मिश्र धातु (अलॉय) के कंडक्टर बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी अपार इंडस्ट्रीज (Apar Industries) के शेयरों में आज बिकवाली का तगड़ा दबाव दिख रहा है। कंपनी ने आज क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशन प्लेसमेंट (QIP) लॉन्च किया है। 1 हजार करोड़ रुपये के इस इश्यू के चलते शेयरों पर निगेटिव सेंटिमेंट दिख रहा है। इंट्रा-डे में आज BSE पर यह 1.86 फीसदी फिसलकर 5578 रुपये तक आ गया। कारोबार आगे बढ़ने पर भाव में कुछ रिकवरी तो हुई लेकिन अभी भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। फिलहाल BSE पर यह 1.43 फीसदी की कमजोरी के साथ 5602.75 रुपये के भाव (Apar Industries Share Price) पर ट्रेड हो रहा है।
QIP ने क्यों बनाया Apar Industries के शेयरों पर दबाव
आज अपार इंडस्ट्रीज का QIP इश्यू लॉन्च हुआ है। इसके चलते शेयर डेढ़ फीसदी से अधिक फिसल गए। इसके शेयरों में गिरावट की वजह इस इश्यू के लिए तय भाव है। 1000 करोड़ रुपये के इश्यू के लिए प्रति शेयर 5540.3 रुपये का फ्लोर प्राइस फिक्स किया गया है जो गुरुवार 23 नवंबर को बीएसई पर क्लोजिंग प्राइस 5683.90 रुपये से 2.53 फीसदी डिस्काउंट पर है। हालांकि बाजार नियामक सेबी (SEBI) के नियमों के मुताबिक कंपनी फ्लोर प्राइस पर 5 फीसदी तक डिस्काउंट दे सकती है। कंपनी की शेयर इश्यू कमेटी अभी 29 नवंबर को बैठक में शेयरों के इश्यू प्राइस पर फैसला लेगी।
ब्रोकरेज का क्या है रुझान
घरेलू ब्रोकरेज फर्म यस सिक्योरिटीज के मुताबिक अपार इंडस्ट्रीज के लिए घरेलू पावर सेक्टर अहम भूमिका में बना हुआ है क्योंकि इसके रेवेन्यू का एक बड़ा हिस्सा पावर इंफ्रा से आता है। कंपनी का फोकस वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स पर है जिससे इसे कम मार्जिन वाले बिजनेस से रिस्क को कम करने में मदद मिलेगी और भारत समेत दूसरे देशों में भी मार्केट में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इसकी मजबूत पाइपलाइन और भारत समेत दुनिया भर में कंडक्टर्स और केबल्स की नियर टर्म में अच्छी ग्रोथ को वित्त वर्ष 2025 की कमाई के हिसाब से 25 गुने यानी 22x FY25E का टारगेट फिक्स किया है। अपार इंडस्ट्रीज के कारोबार की बात करें तो यह कंडक्टर, ट्रांसमिशन केबल, स्पेशल्टी ऑयल, पॉलिमर और लुब्रिकेंट्स बनाकर सप्लाई करती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।