Bajaj Auto Shares: बजाज ग्रुप की ऑटो एंटिटी बजाज ऑटो शेयरों के बायबैक पर विचार कर रही है। करीब दो साल बाद कंपनी एक बार फिर इस प्रस्ताव पर विचार करेगी। बजाज ऑटो ने इसकी जानकारी आज एक्सचेंज फाइलिंग में दी तो शेयर चहक उठे और आज के इंट्रा-डे के निचले स्तर से करीब 5% उछल पड़े। इससे पहले कंपनी ने मार्च 2024 में बायबैक किया था और अब इससे जुड़े प्रस्ताव पर 6 मई को बोर्ड की बैठक में विचार होगा। करीब दो साल पहले कंपनी ने अपने शेयरों की खरीदारी यानी बायबैक प्रति शेयर ₹10 हजार के भाव पर किया था।
शेयरों की बात करें तो शुरुआती कारोबार में तो बिकवाली के माहौल में यह 1.93% फिसलकर बीएसई पर ₹9358.15 के भाव तक आ गया था। हालांकि फिर बायबैक की योजना के ऐलान पर शेयर जोश में आ गए और इस निचले स्तर से 7.34% उछलकर ₹10,045.00 पर पहुंच गए। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज यह एक कारोबारी दिन पहले के क्लोजिंग प्राइस ₹9,542.10 के भाव से 4.78% की बढ़त के साथ ₹9997.75 के भाव (Bajaj Auto Share Price) पर बंद हुआ है।
Bajaj Auto पर क्या है ब्रोकरेज फर्म का रुझान
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म BofA सिक्योरिटीज ने हाल ही में बजाज ऑटो की रेटिंग को अपग्रेड कर खरीदारी की थी और टारगेट प्राइस ₹10,700 फिक्स किया था। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि इसका वैल्यूएशंस रीजनेबल है और मौजूदा मैक्रो माहौल में दोपहिया पर दांव सुरक्षित है। ब्रोकरेज फर्म ने यह भी कहा कि निर्यात और फॉरेन एक्सचेंज से जुड़ी अनुकूल परिस्थितियों के साथ-साथ बेहतर प्राइसिंग डिसिप्लिन ग्रोथ में किसी भी सुस्ती की भरपाई को लेकर काफी हैं। ओवरऑल बात करें तो इसे कवर करने वाले 27 एनालिस्ट्स में से 46 ने इसे खरीदारी, 11 ने होल्ड और 8 ने सेल रेटिंग दी है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
बजाज ऑटो के शेयरों ने निवेशकों की अच्छी कमाई कराई है। पिछले साल बीएसई पर 9 मई 2025 को यह ₹7,556.05 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 9 महीने में यह 34.81% उछलकर 26 फरवरी 2026 को ₹10,186.60 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।