Bajaj Housing Finance: बजाज हाउसिंग फाइनेंस की धमाकेदार लिस्टिंग के बाद, कंपनी के चेयरमैन संजीव बजाज ने कहा कि उन्हें हाउसिंग फाइनेंस में आगे 12-15% की स्थिर क्रेडिट ग्रोथ की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बजाज फाइनेंस भारत की क्रेडिट ग्रोथ में अहम योगदान देगी और फाइनेंस तक लोगों की पहुंच को और आसान बनाएगी। बजाज हाउसिंग फाइनेंस के IPO को निवेशकों को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। इसके शेयर ने पहले ही अपने निवेशकों की संपत्ति दोगुनी कर दी। वहीं दो दिनों में इसका भाव अपने IPO प्राइस के 150% से भी अधिक ऊपर चढ़ गया है।
यह बजाज ग्रुप की शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली तीसरी कंपनी है। संजीव बजाज ने कहा, "निवेशकों का रिस्पॉन्स देखकर मैं अभिभूत हूं। हमारी कंपनी की ग्रोथ भारतीय इकोनॉमी के मजबूत विस्तार के कारण हो रही है, और आने वाले समय में अफोर्डेबल हाउसिंग की मांग और बढ़ेगी।"
संजिव बजाज ने हमारे सहयोगी CNBC-TV18 को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "हाउसिंग इंडस्ट्री में 12 से 15% की स्थिर क्रेडिट ग्रोथ दिखने की उम्मीद है। इकोनॉमी के मजबूत प्रदर्शन के चलते हम काफी उत्साहित हैं और हमें भरोसा है कि हमारी कंपनी और मजबूती से आगे बढ़ेगी।" संजीव बजाज ने कहा कि अगर कंपनी को जरूरत हुई तो उन्हें पूंजी जुटाने में कोई चुनौती नजर नहीं आती।
बता दें कि बजाज हाउसिंग फाइनेंस अब मार्केट के लिहाज से देश की सबसे मूल्यवान हाउसिंग फाइनेंस कंपनी बन गई है। पिछले 2 सालों में मुनाफे में सालाना 56% की दर से बढ़ोतरी हुई है। साथ ही, यह बड़ी हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों में सबसे कम NPA रेशियो वाली कंपनी भी है।
कंपनी के शेयरों को 17 सितंबर को कई ब्रोकरेज फर्मों से 'Buy (खरीदें)' की रेटिंग मिली। इसके चलते आज यह शेयर 10% बढ़ गया। एनालिस्ट्स का कहना है भारत के हाउसिंग फाइनेंस सेगमेंट में अभी काफी ग्रोथ की संभावनाएं हैं। भारत में मॉर्गेज पेनिट्रेशन अभी GDP का सिर्फ 9.4% है, जबकि अन्य विकासशील देशों जैसे दक्षिण अफ्रीका (21.4%), मलेशिया (35%), और चीन (28%) में यह आंकड़ा काफी ऊंचा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।