BASF India Share Price: बीएएसएफ इंडिया के शेयरों में आज 8 अगस्त को कारोबार के दौरान 12 फीसदी तक की जोरदार तेजी आई और यह NSE पर 7,949.90 रुपये के अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। कंपनी के शेयरों में यह तेजी उसके जून तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद आई है। इससे पहले बुधवार 7 अगस्त को भी इसके शेयरों में करीब 20 फीसदी की तेजी आई थी। पिछले 2 दिन में यह शेयर करीब 32 फीसदी चढ़ चुका है। बता दें कि BASF इंडिया, जर्मन केमिकल कंपनी BASF (Badische Anilin- & Sodafabrik) की भारतीय इकाई है। जून तिमाही में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 36 प्रतिशत बढ़कर 22 करोड़ रुपये रहा। वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान 18 प्रतिशत बढ़कर 399 करोड़ रुपये हो गया।
BASF India का कारोबार मुख्य रूप से 6 सेगमेंट में फैला हुआ है। इसमें केमिकल्स, मैटेरियल्स, इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस, सरफेस टेक्नोलॉजीज, न्यूट्रिशन एंड केयर और एग्रीकल्चरल सॉल्यूशंस शामिल हैं। कंपनी विभिन्न इंडस्ट्रीज में अपने प्रोजक्ट बेचती हैं, जिनमें ऑटोमोटिव, पर्सनल एंड होम केयर, एग्रीकल्चर, फुटवियर, फार्मास्युटिकल्स, पेट्रोकेमिकल्स, और रिफाइनिंग शामिल हैं। इसका रेवेन्यू स्रोत डायवर्सिफाई है, जो इसपर सीजनल और कॉम्पिटीटिव दबाव को कम करता है।
BASF India के एग्रीकल्चरल सॉल्यूशंस सेगमेंट में कीटनाशक, खरपतवार नाशक, और फफूंद नाशक सहित कई प्रोडक्ट्स शामिल है। इस सेगमेंट का जून तिमाही के दौरान रेवेन्यू ग्रोथ 12.4 फीसदी है। वहीं इसके मैटेरियल सेगमेंट की ग्रोथ 13.3 फीसदी रही।
एनालिस्ट्स का मानना है कि मीडियम टर्म में क्रूड ऑयल से जुड़े कई अहम उत्पादों की कीमतों में स्थिरता की उम्मीद है, जिससे कंपनी को अपने रॉ मैटेरियल की लागत को एक दायर में रखने में मदद मिलेगी। इसस कंपनी अपने मौजूदा मार्जिन लेवल को आगे भी बरकार रख सकेगी।
NSE पर दोपहर 12.45 बजे के करीब, BASF इंडिया के शेयर 8.33 फीसदी की तेजी के साथ 7,511 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। यह साल 2024 के उन कुछ चुनिंदा शेयरों में से एक है, जिसने अपने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। 2024 की शुरुआत से अबतक इसका शेयर करीब 144 फीसदी ऊपर चढ़ चुका है। वहीं पिछले एक साल में इसने 188 फीसदी का रिटर्न दिया है।