Defence Stock: सरकारी डिफेंस कंपनी भारत डायनेमिक्स (BDL) के शेयर शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में करीब 7% तक गिर गए थे। हालांकि, बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी हुई और यह 4.77% गिरकर 1,221 रुपये पर बंद हुआ। मार्च तिमाही के कमजोर नतीजों के बाद दो प्रमुख ब्रोकरेज फर्म, मोतीलाल ओसवाल और नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने डिफेंस कंपनी पर अपना नजरिया घटा दिया है।
मोतीलाल ओसवाल ने स्टॉक को 'न्यूट्रल' और नुवामा ने 'रिड्यूस' रेटिंग दी है। दोनों ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस घटाकर 1,150 रुपये कर दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 6% की संभावित गिरावट दिखाता है।
ऑर्डर बुक मजबूत, लेकिन...
ब्रोकरेज की सबसे बड़ी चिंता भारत डायनेमिक्स की मजबूत ऑर्डर बुक और कमजोर वित्तीय प्रदर्शन के बीच बढ़ता अंतर है। भारत डायनेमिक्स के पास करीब 26,000 करोड रुपये का ऑर्डर बैकलॉग है। यह FY26 के अनुमानित रेवेन्यू का लगभग 10.6 गुना है। इसके बावजूद मार्च तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर रहा।
नुवामा के मुताबिक, कंपनी का रेवेन्यू, EBITDA और PAT बाजार अनुमानों से क्रमशः 76%, 87% और 69% कम रहा। चौथी तिमाही में रेवेन्यू 73% गिरकर सिर्फ 480 करोड रुपये रह गया। वहीं, EBITDA मार्जिन घटकर 11.5% पर आ गया। मोतीलाल ओसवाल ने भी कहा कि कंपनी का एग्जीक्यूशन उम्मीद से काफी धीमा रहा है।
सप्लाई चेन संकट बना बड़ी चुनौती
एनालिस्टों के मुताबिक, आकाश और अस्त्र मार्क-1 मिसाइल कार्यक्रमों के लिए जरूरी रडार, सीकर और अन्य महत्वपूर्ण कंपोनेंट की सप्लाई में देरी मैन्युफैक्चरिंग को प्रभावित कर रही है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव से सप्लाई चेन पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। इससे प्रोजेक्ट की डिलीवरी प्रभावित हुई है। नुवामा का कहना है कि कमजोर प्रदर्शन की प्रमुख वजह सप्लाई चेन में दिक्कत और खराब प्रोडक्ट मिक्स रही।
ब्रोकरेज का मानना है कि डिलीवरी में देरी से बचने के लिए भारत डायनेमिक्स कुछ कंपोनेंट आयात कर सकती है। इससे उत्पादन तेज हो सकता है, लेकिन महंगे आयातित पुर्जों के कारण मार्जिन पर दबाव बढ़ सकता है।
कमजोर तिमाही के बाद मोतीलाल ओसवाल ने FY27 और FY28 के लिए आय अनुमान क्रमशः 25% और 28% घटाए हैं। वहीं नुवामा ने FY27 और FY28 के अनुमान 48% और 40% तक कम कर दिए हैं।
लॉन्ग टर्म में क्या होगा?
दोनों ब्रोकरेज निकट अवधि को लेकर सतर्क हैं, लेकिन भारत के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भारत डायनेमिक्स की लंबी अवधि की संभावनाओं को लेकर पॉजिटिव बने हुए हैं। कंपनी एडवांस्ड आकाश वेपन सिस्टम के मैन्युफैक्चरिंग स्टेज में पहुंच चुकी है। नई प्रोडक्शन यूनिट भी शुरू करने की तैयारी कर रही है।
फिलहाल निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी अपनी बड़ी ऑर्डर बुक को असल रेवेन्यू और प्रॉफिट में कितनी तेजी से बदल पाती है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।