वाडिया समूह की कंपनी बॉम्बे डाइंग (Bombay Dyeing) के शेयरों में गुरुवार को 20 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया और शेयर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। कंपनी के शेयरों (Bombay Dyeing Stock Price) में आई इस तेजी की वजह बुधवार को की गई एक घोषणा रही। दरअसल बॉम्बे डाइंग ने जापान की सुमितोमो रिएल्टी एंड डेवलपमेंट कंपनी को 22 एकड़ जमीन 5,200 करोड़ रुपये में बेचने का ऐलान किया है। इसी घोषणा का असर गुरुवार को बॉम्बे डाइंग के शेयरों पर देखने को मिला।
बीएसई (BSE Sensex) पर बॉम्बे डाइंग का शेयर गुरुवार को कारोबार शुरू होने पर बढ़त के साथ 164.80 रुपये पर खुला और देखते ही देखते 19.97 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करता हुआ 168.50 रुपये पर पहुंच गया, जो 52 सप्ताह में इसका उच्चतम स्तर है। इसी तरह एनएसई (NSE Nifty) पर भी कंपनी के शेयर ने 20 प्रतिशत का उछाल दर्ज करते हुए 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर 168.60 रुपये छू लिया। गुरुवार दोपहर 12 बजे के आसपास बॉम्बे डाइंग का शेयर बीएसई पर 163.45 रुपये और एनएसई पर 163.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। बीएसई के अनुसार कंपनी का मार्केट कैप वर्तमान में 3,374.78 करोड़ रुपये है।
सेंट्रल मुंबई के वर्ली में है यह जमीन
बॉम्बे डाइंग ने 22 एकड़ जमीन 5,200 करोड़ रुपये में बेचने की जानकारी देते हुए बुधवार को कहा था कि सुमितोमो की सब्सिडियरी गोइसू इस सौदे का भुगतान दो चरणों में करेगी। पहले चरण में 4,675 करोड़ रुपये और शेष 525 करोड़ रुपये कुछ शर्तों के पूरे होने के बाद चुकाएगी। सेंट्रल मुंबई के वर्ली में स्थित इस भूखंड में वाडिया इंटरनेशनल सेंटर, लगभग तीन शताब्दी पुराने समूह के मुख्यालय और अन्य प्रतिष्ठान हैं। यह सौदा मुंबई के सबसे बड़े भूमि सौदों में से एक है।
30 सितंबर तक हो सकता है पहले चरण का समझौता
कंपनी के बोर्ड ने कंपनी के सदस्यों की एक असाधारण आम बैठक (ईजीएम) बुलाने का फैसला किया है और इसके लिए एक नोटिस उचित समय पर प्रसारित किया जाएगा। बिक्री के लिए समझौता (चरण I) 30 सितंबर, 2023 को या उससे पहले और चरण II के लिए Q423-24 तक होने की उम्मीद है। इस बीच बोर्ड ने कंपनी के पास मौजूद अप्रयुक्त भूमि खंडों के विकास को भी मंजूरी दे दी। कंपनी के अनुसार, ये भूमि खंड लगभग 35 लाख वर्ग फुट आवासीय व वाणिज्यिक संपत्ति क्रिएट करेंगे और अगले कुछ वर्षों में लगभग 15,000 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न करेंगे।