Bonus Share News: इंडस्ट्रियल मशीनरी बनाने वाली अनूप इंजीनियरिंग (Anup Engineering) के शेयर में आज भारी हचलल दिखी। कंपनी के बोर्ड की बैठक हो रही थी और ऐलान से पहले इंट्रा-डे में यह करीब डेढ़ फीसदी उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। इससे पहले दिन भर यह ज्यादातर रेड जोन में ही था। हालांकि बोर्ड की बैठक में क्या फैसला हुआ, इसका ऐलान हुआ तो शेयर धड़ाम से फिसल गए। रिकॉर्ड हाई से यह 9 फीसदी से अधिक नीचे आ गया। दिन के आखिरी में यह BSE पर 8.08 फीसदी की गिरावट के साथ 3010.95 रुपये के भाव पर है। इंट्रा-डे में यह 3000.10 रुपये तक आ गया था।
Anup Engineering के बोर्ड की बैठक में क्या हुआ फैसला
अनूप इंजीनियरिंग के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में आज 20 मार्च 2024 को बोनस शेयर बांटने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी की तरफ से दाखिल डिटेल्स के मुताबिक इस प्रस्ताव के तहत कंपनी शेयरहोल्डर्स को एक शेयर के बदले में एक शेयर बोनस में देगी। इसके लिए रिकॉर्ड डेट अभी फिक्स नहीं हुआ है। हालांकि शेयरहोल्डर्स और बाकी स्टैटुअरी और रेगुलेटरी अप्रूवल मिलने के बाद इसे 19 मई 2024 तक शेयरहोल्डर्स के खाते में क्रेडिट कर दिया जाएगा।
अनूप इंजीनियरिंग पहली बार बांटेगी Bonus Share
यह पहली बार होगा, जब अनूप इंजीनियरिंग बोनस शेयर बांटेगी। इससे पहले कंपनी ने 2019, 2020 और 2021 में 7-7 रुपये का डिविडेंड बांटा था। वर्ष 2022 में इसने प्रति शेयर 8 रुपये का डिविडेंड दिया था। इसके अलावा पिछले साल जुलाई 2023 में कंपनी ने प्रति शेयर 15 रुपये के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया था।
एक साल में ऐसी रही है शेयरों की चाल
अनूप इंजीनियरिंग के शेयरों ने एक साल में निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है। पिछले साल 27 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 952 रुपये पर था। इस लेवल से 11 महीने से कम समय में ही यह करीब 249 फीसदी उछलकर आज 20 मार्च 2024 को 3324.35 रुपये पर पहुंच गया था जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। हालांकि इस लेवल से फिलहाल यह 9 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है।