मजबूत मार्केट सेंटिमेंट में भी आज CDSL (सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज लिमिटेड) के शेयर आज 6 फीसदी से अधिक टूट गए। इसके शेयरों में बिकवाली का यह दबाव ब्लॉक डील के चलते आया। इस ब्लॉक डील के तहत 1 करोड़ शेयरों का लेन-देन हुआ जो कंपनी की करीब 9.6 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। इस ब्लॉक डील ने शेयरों को तगड़ा झटका दिया और यह 6 फीसदी से अधिक टूट गया। आज NSE पर यह 5.58 फीसदी की गिरावट के साथ 1,689.00 रुपये के भाव (CDSL Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 6.37 फीसदी टूटकर 1,675.00 रुपये तक आ गया था।
किस भाव पर हुई CDSL के शेयरों की ब्लॉक डील
सीडीएसएल के शेयरों की ब्लॉक डील 1690 रुपये के औसत भाव पर हुई है। इस भाव पर ब्लॉक डील की वैल्यू करीब 1722 करोड़ रही। सीएनबीसी-टीवी18 ने मंगलवार को जानकारी दी थी कि स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक-कॉरपोरेट बैंकिंग की योजना ब्लॉक डील के जरिए अपनी पूरी 7.18 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की है। इस डील के लिए फ्लोर प्राइस 1672 रुपये था जो मंगलवार के क्लोजिंग प्राइस से 6.3 फीसदी डिस्काउंट पर है। कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के मुताबिक स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक-कॉरपोरेट बैंकिंग के पास इसके 75 लाख शेयर यानी 7.18 फीसदी हिस्सेदारी आईपीओ के समय से ही है। इसका आईपीओ जून 2017 में आया था और शेयर 30 जून 2017 को लिस्ट हुए थे।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
सीडीएसएल के शेयरों ने निवेशकों की शानदार कमाई कराई है। पिछले साल 28 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 880.90 रुपये पर था। इस लेवल से 11 महीने में यह करीब 135 फीसदी उछलकर 9 फरवरी 2024 को 2,067.00 रुपये पर पहुंच गया। यह इसके शेयरों का रिकॉर्ड हाई लेवल है। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस लेवल से फिलहाल यह करीब 18 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।