Coal India Shares: दिग्गज पीएसयू कोल माइनिंग कंपनी कोल इंडिया के शेयरों पर मार्केट खुलने पर नजर रहेगी। इस वित्त वर्ष 2026 में अब तक यह करीब 12% मजबूत हुआ और अब वित्त वर्ष के आखिरी कारोबारी दिन 30 मार्च को इसकी चाल कैसी रहेगी, यह मार्केट के माहौल के साथ-साथ ₹1057 करोड़ का ऑर्डर भी तय करेगा। कंपनी को यह प्रोजेक्ट तेलंगाना में मिला है। शेयरों के मौजूदा स्थिति की बात करें तो एक कारोबारी दिन पहले यानी शुक्रवार 27 मार्च को बीएसई पर मार्केट की हाहाकार के बीच 0.32% की बढ़त के साथ ₹445.15 (Coal India Share Price) पर बंद हुआ था। वहीं दूसरी तरफ इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 (Nifty 50) और सेंसेक्स (Sensex) 2-2% से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।
कैसा प्रोजेक्ट मिला है Coal India को?
कोल इंडिया को तेलंगाना पावर जेनेरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड से BESS (बैट्री एनर्जी स्टोरेज सिस्टम) प्रोजेक्ट के सेटअप के लिए एक LoA (लेटर ऑफ अवार्ड) मिला है। कंपनी ने इसकी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी। फाइलिंग के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के तहत चौटुप्पल (Choutuppal) में 750 MWh (चार घंटे के लिए 187.5 MW) बीईएसएस प्लांट को डेवलप किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत ₹1,057.09 करोड़ है। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक इस पर एग्रीमेंट साइन होने के 18 महीने के भीतर पूरा करना है। एग्रीमेंट के तहत कंपनी प्रति मेगावाट ₹3.14 लाख की दर से बिजली सप्लाई करेगी। कंपनी को 15 दिनों के भीतर परफॉरमेंस बैंक गारंटी और अन्य डॉक्यूमेंट्स जमा करने हैं, जिसके बाद फॉर्मल एग्रीमेंट पर साइन होंगे।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
कोल इंडिया के शेयर पिछले साल 7 अप्रैल 2025 को बीएसई पर ₹350.15 के भाव पर थे जो इसके लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर था। इस निचले स्तर से 11 महीने में यह 35.93% उछलकर 13 मार्च 2026 को ₹475.95 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।