Coforge शेयर 10% लुढ़का, Q4 नतीजों से ब्रोकरेज नाखुश; रेटिंग और टारगेट प्राइस घटाया

Coforge Share Price: पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी ने 808 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जो पिछले वर्ष के 693.8 करोड़ रुपये से 16.46 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2024 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 14.52 प्रतिशत बढ़कर 9,179 करोड़ रुपये हो गया। कोफोर्ज ने FY24 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर एक शेयर पर 19 रुपये का इंटरिम डिविडेंड घोषित किया है

अपडेटेड May 03, 2024 पर 4:00 PM
मार्च 2024 तिमाही में कोफोर्ज का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 94.86 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 223.7 करोड़ रुपये हो गया।

आईटी सॉल्यूशंस कंपनी कोफोर्ज के शेयर में 3 मई को करीब 10 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दिखी। एक दिन पहले कंपनी ने जनवरी-मार्च 2024 तिमाही और वित्त वर्ष 2023-24 के वित्तीय नतीजे जारी किए थे। मार्च 2024 तिमाही में कोफोर्ज का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 94.86 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 223.7 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 114.8 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। लेकिन इसके बावजूद शेयर में बिकवाली का दबाव है।

दरअसल Coforge के तिमाही नतीजे वैसे नहीं रहे, जैसी एक्सपर्ट्स को उम्मीद थी। साथ ही कंपनी के ग्रोथ गाइडेंस और अधिग्रहणों को लेकर भी चिंताएं हैं। लिहाजा कई ब्रोकरेज ने कोफोर्ज शेयर के लिए रेटिंग और टारगेट प्राइस कम कर दिया है। बीएसई पर 3 मई को कोफोर्ज का शेयर सुबह गिरावट के साथ 4505.25 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 10.5 प्रतिशत तक लुढ़का और 4460 रुपये के लो तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4481.75 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 27700 करोड़ रुपये पर आ गया है।

​FY24 में कितना मुनाफा और रेवेन्यू


कंपनी की ओर से शेयर बाजारों को बताया गया कि मार्च 2024 तिमाही में Coforge का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 8.68 प्रतिशत बढ़कर 2,358.5 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 2,170 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी ने 808 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जो पिछले वर्ष के 693.8 करोड़ रुपये से 16.46 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2024 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 14.52 प्रतिशत बढ़कर 9,179 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2023 में रेवेन्यू 8014.6 करोड़ रुपये था।

मार्च 2024 तक कोफोर्ज के कर्मचारियों की संख्या 24,726 थी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर एक शेयर पर 19 रुपये का इंटरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड तारीख 15 मई 2024 होगी।

Yes Bank में बिके ₹1600 करोड़ के शेयर, कीमत 3% तक आई नीचे

सिग्निटी टेक्नोलोजिज का करेगी अधिग्रहण

Coforge ने 1,415 रुपये प्रति शेयर (कैश कंसीडरेशन में) की कीमत पर आईटी सर्विसेज मैनेजमेंट कंपनी सिग्निटी टेक्नोलोजिज के अधिग्रहण की भी घोषणा की है। कंपनी, सिग्निटी की लगभग 54 प्रतिशत शेयर पूंजी का अधिग्रहण करेगी। अधिग्रहण FY25 की जुलाई-सितंबर तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है। कोफोर्ज का मानना है कि सिग्निटी के अधिग्रहण से न केवल वित्त वर्ष 2027 तक इसे 2 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ने में मदद मिलेगी, बल्कि वित्त वर्ष 2027 तक कंपनी के ऑपरेटिंग मार्जिन में 150-200 बीपीएस का सुधार भी सुनिश्चित होगा।

ब्रोकरेज ने कितना कम किया टारगेट प्राइस

ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने कोफोर्ज शेयर के लिए रेटिंग को कम करके 'अंडरपरफॉर्म' कर दिया है। साथ ही टारगेट प्राइस घटाकर 4,290 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। यह बीएसई पर शेयर के 2 मई को बंद भाव से करीब 14 प्रतिशत कम है। जेफरीज का कहना है कि कंपनी का मार्जिन उम्मीद से कम रहा। साथ ही कोफोर्ज ने वित्त वर्ष 2025 के लिए ग्रोथ गाइडेंस की पेशकश नहीं की, जो उच्च स्तर की अनिश्चितता को दर्शाता है।

Cigniti के अधिग्रहण को लेकर जेफरीज का कहना है कि बड़ा अधिग्रहण, एग्जीक्यूशन रिस्क की एक और परत जोड़ता है, जो डी-रेटिंग की चेतावनी देता है। जेफरीज ने अपने विकास अनुमान में 11-16% की कटौती की है। InCred ने भी कोफोर्ज स्टॉक की रेटिंग को डाउनग्रेड करके 'रिड्यूस' कर दिया है और टारगेट प्राइस घटाकर 4,431 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। इस बीच, सिटी ने कोफोर्ज शेयर पर 'सेल' रेटिंग दी है। रेवेन्यू और मार्जिन अनुमान से कम होने के कारण टारगेट प्राइस को घटाकर 4,550 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। सिटी ने अपने FY25 और FY26 के अनुमानों को 5% कम कर दिया है।

Bajaj Finance का शेयर 7% तक भागा, दो प्रोडक्ट पर RBI के प्रतिबंध हटाने का असर; ब्रोकरेज का भरोसा बढ़ा

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।