दिग्गज पीएसयू कंपनी कंटेनर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (Container Corporation of India) के शेयर आज कमजोर मार्केट में भी करीब ढाई फीसदी चढ़े हैं। इस साल इसके शेयर 17 फीसदी से अधिक कमजोर हुए हैं लेकिन वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) इस पर दांव लगा रहा है। ब्रोकरेज ने इसकी रेटिंग न्यूट्रल से बढ़ाकर खरीदारी कर दी है और टारगेट प्राइस भी बढ़ा दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक इसके शेयर 720 रुपए तक पहुंच सकते हैं जो मौजूदा लेवल से करीब 17 फीसदी अपसाइड है। इसके शेयर अभी बीएसई पर 2.48 फीसदी की तेजी के साथ 614.25 रुपए के भाव (Container Corporation of India Share Price) में ट्रेड हो रहे हैं। इसका फुल मार्केट कैप 37,425.91 करोड़ रुपये है।
ब्रोकरेज क्यों लगा रहा Container Corporation पर दांव
इंडियन रेलवेज (Indian Railways) इस साल के मध्य में वेस्टर्न कोस्ट पोर्ट्स को जोड़ने वाली डेडिकेटेड फ्रेट कोरिडोर को जोड़ेगी और फिर 18 महीने बाद जेएनपीटी को जोड़ने की योजना है। ब्रोकरेज के मुताबिक इस रेल कंटेनराइजेशन का कंटेनर कॉरपोरेशन को तगड़ा फायदा मिलेगा क्योंकि कार्गो की आवाजाही सड़कों की बजाय रेल पर शिफ्ट हो सकती है और इस सेगमेंट में इस कंपनी की तगड़ी मौजूदगी है। इसकी देश के रेल लॉजिस्टिक्स सेक्टर में 70 फीसदी हिस्सेदारी है।
ब्रोकरेज के मुताबिक वित्त वर्ष 2023-25 में इसकी कमाई 15.5 फीसदी की सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ सकता है। गोल्डमैन के मुताबिक यह स्टॉक अभी वित्त वर्ष 2025 के अनुमानित कमाई के आधार पर 22.4 गुने भाव यानी 22.4x PE पर है जो इसके लॉन्ग टर्म मीडियन 25x से डिस्काउंट पर है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसमें निवेश की सलाह दी है।
पांच महीने में 26% कमजोर हुआ है शेयर
कंटेनर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के शेयर पिछले साल 20 मई 2022 को 554.10 रुपये पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद अगले छह महीने में 9 नवंबर 2022 तक यह 50 फीसदी उछलकर 828.50 रुपये पर पहुंच गया जो इसका एक साल का ऊंचा स्तर है। शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और पांच महीने में अब तक यह ककीब 26 फीसदी कमजोर हो चुका है। हालांकि ब्रोकरेज के मुताबिक इसे निवेश के मौके के रूप में देखना चाहिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।