Craftsman Automation Shares: क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन के शेयर आज 19 जून को शुरुआती कारोबार में 1.5 फीसदी तक उछल गए। कंपनी ने एक दिन पहले ही 1,200 करोड़ रुपये जुटाने के लिए क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) लॉन्च करने का ऐलान किया था। बोर्ड ने 4,426.11 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस के साथ QIP को मंजूरी दी, जो इसके मंगलवार के बंद भाव से करीब 7 फीसदी कम है।
इससे पहले अप्रैल में क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन ने राजस्थान के भिवंडी में एक ग्रीनफील्ड प्लांट लगाने के लिए 150 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश की योजना की घोषणा की थी। नए प्लांट से कंपनी के तीनों प्रमुख वर्टिकल - पावरट्रेन, एल्युमीनियम प्रोडक्ट और इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग की ग्रोथ को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन ने कहा था कि भिवाड़ी में बन रहा प्लांट 'उत्तर भारत में बड़े और बढ़ते व्यापार के मौकों को भुनाने के लिए उसकी तरफ से किया गया एक रणनीतिक निवेश है।'
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एस रवि ने कहा, "फरीदाबाद में हमारे पास पहले से प्लांट हैं। अब एक और प्लांट के होने से हमें अपने ग्राहकों को बेहतर और तेजी से सेवा मुहैया करने, उत्तर भारत में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और आने वाले सालों में एक महत्वपूर्ण बिजनेस के रूप में उभरने में मदद मिलेगी।"
क्राफ्ट्समैन एक इंजीनियरिंग कंपनी है, जो वर्टिकली इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं के साथ 3 बिजनेस सेगमेंट में कारोबार करती है: ऑटोमोटिव - पावरट्रेन और अन्य, ऑटोमोटिव - एल्युमीनियम प्रोडक्ट, और इंडस्ट्रियल एंड इंजीनियरिंग। कंपनी की क्लाइंट सूची में लगभग सभी प्रमुख ऑटो कंपनियों और इंडस्ट्रियल सेक्टर की बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
ऑटोमोटिव सेक्टर के इसके प्रमुख क्लाइंट्स में डेमलर इंडिया, टाटा मोटर्स, अशोक लीलैंड, M&M, टैफे, एस्कॉर्ट्स, जॉन डीरे, जेसीबी इंडिया, TVS मोटर्स और रॉयल एनफील्ड आदि शामिल हैं। वहीं इंडस्ट्रियल और इंजीनियरिंग सेक्टर में इसके ग्राहकों में सीमेंस और मित्सुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
NSE पर सुबह 10.30 बजे के करीब, क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन के शेयर 1.15 फीसदी की तेजी के साथ 4,822.95 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में करीब 18 फीसदी की तेजी आई है। जबकि निफ्टी ने इसी दौरान 25 फीसदी का रिटर्न दिया है।