Daily Voice: मनीकंट्रोल के साथ एक साक्षात्कार में रेफोलियो इन्वेस्टमेंट्स (Refolio Investments) के फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर संतोष जोसेफ (Santosh Joseph) ने कहा कि अभी जिस तरह की बाजार स्थिति है उसको देखकर लगता है कि निफ्टी में अभी 5 से 10 फीसदी की तेजी और आ सकती है। उनके मुताबिक लोगों की जोखिम लेने की क्षमता में थोड़ा सुधार हुआ है। महंगाई को लेकर बनी चिंताएं कम होने से जो लोग पहले इक्विटी मार्केट से दूर हो गए थे वे फिर से मार्केट की तरफ रुख कर रहे हैं। ब्याज दरों के पीक पर पहुंचने के साथ ही मंदी का डर साल के शुरुआती दौर की तुलना में कुछ कम होता दिखा है। अब पूरी दुनिया में ये धारणा बन रही है कि मंदी उतनी बुरी नहीं होगी जितनी बुरी होने का अंदाजा लगाया गया था। नजरिए में इस बदलाव के बाजार में आगे और तेजी देखने को मिल सकती है।
