बाजार ने गुजरे सप्ताह में बजट के दिन आई गिरावट के बाद अपने सभी नुकसानों की भरपाई की और 26 जुलाई को एक नया क्लोजिंग हाई दर्ज किया। सप्ताह का अंत 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ हुआ। यह सुधार सकारात्मक वैश्विक संकेतों से प्रेरित था, जैसे कि अमेरिकी जीडीपी के उम्मीद से बेहतर आंकड़े। इसके अलावा बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं, और रियल्टी को छोड़कर अधिकांश सेक्टर्स में खरीदारी का भी असर रहा। सप्ताह के बीच लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स, शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स और सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्सेज में वृद्धि से बाजार को नुकसान देखना पड़ा।
