Dow Jones में 2018 के बाद सबसे लंबी गिरावट जबकि नैस्डेक रिकॉर्ड हाई पर, इंडियन मार्केट्स के लिए क्या है इसका मतलब?

अमेरिकी मार्केट में नैस्डेक रिकॉर्ड हाई पर है, जबकि डाओ जोंस में पिछले 8 सत्रों से गिरावट जारी है। दोनों प्रमुख सूचकांकों में यह अलग-अलग ट्रेंड चौंकाने वाला है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि साल के अंत में फंड मैनेजर्स खास स्ट्रेटेजी अपनाते हैं, जिसका मकसद पोर्टफोलियो का रिटर्न बढ़ाना होता है

अपडेटेड Dec 17, 2024 पर 2:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
2024 न सिर्फ अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए अच्छा रहा है बल्कि इंडिया में भी टेक्नोलॉजी खासकर आईटी स्टॉक्स का रिटर्न दूसरी कंपनियों के मुकाबले बेहतर रहा है।

अमेरिकी स्टॉक मार्केट्स में मजेदार स्थिति देखने को मिली है। 16 दिसंबर को डाओ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में लगातार 8वें सत्र गिरावट देखने को मिली। यह 2018 के बाद डाओ जोंस में सबसे लंबी गिरावट है। लेकिन, अमेरिकी मार्केट का प्रमुख सूचकांक नैस्डेक रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है। नैस्डेक में टेक्नोलॉजी कंपनियां शामिल हैं। यह 1.24 फीसदी चढ़ा, जबकि एसएंडपी 500 में 0.38 फीसदी तेजी आई। इसके उलट डाओ जेंस में 0.25 फीसदी गिरावट आई।

नैस्डेक ने दिया 34 फीसदी रिटर्न

खास बात यह है कि Nasdaq में इस तेजी में AI चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia का हाथ नहीं है। इस साल नैस्डेक में तेजी में एनवीडिया के शेयरों में आई तेजी का बड़ा हाथ रहा है। लगातार 8 सत्रों में डाओ जोंस में करीब 3 फीसदी गिरावट आई है। इसके बावजूद 2024 में इसका रिटर्न 16 फीसदी है। इसके मुकाबले इस दौरान नैस्डेक का रिटर्न 34 फीसदी रहा है। यह डाओ के मुकाबले करीब दोगुना रिटर्न है।


साल के अंत में फंड मैनेजर्स की स्ट्रेटेजी

पाइनट्री मैक्रो के फाउंडर रितेश जैन ने कहा कि डाओ जोंस और नैस्डेक की चाल अलग-अलग दिख रही है, जिसकी बड़ी वजह साल के अंत में मोमेंटम ट्रेड है। कई फंड मैनेजर्स अपने पोर्टफोलियो का रिटर्न बढ़ाने के लिए टेक्नोलॉजी स्टॉक्स खरीद रहे हैं और नॉन-टेक स्टॉक्स बेच रहे हैं। इस बिकवाली का दबाव नॉन-टेक्नोलॉजी कंपनियों पर देखने को मिला है। उनके शेयरों में बीते कुछ सत्रों से गिरावट देखने को मिली है।

इंडियन आईटी कंपनियों का शानदार प्रदर्शन

2024 न सिर्फ अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए अच्छा रहा है बल्कि इंडिया में भी टेक्नोलॉजी खासकर आईटी स्टॉक्स का रिटर्न दूसरी कंपनियों के मुकाबले बेहतर रहा है। बड़ी आईटी कंपनियों में सिर्फ TCS को छोड़ ज्यादातर टॉप कंपनियों ने बहुत अच्छा रिटर्न दिया है। Tech Mahindra का स्टॉक बीते एक साल में 36 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। 2024 में भी इसका रिटर्न करीब इतना ही रहा है।

यह भी पढ़ें: Coforge का शेयर 2024 में 51% चढ़ा, क्या अभी इनवेस्ट करने पर हो सकती है मोटी कमाई?

Wipro ने दिया 39 फीसदी रिटर्न

Infosys का शेयर बीते एक साल में करीब 26 फीसदी चढ़ा है। 2024 में इसका रिटर्न 27 फीसदी रहा है। HCL Tech का शेयर बीते एक साल में 29 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। इस साल अब तक इसका रिटर्न 31 फीसदी है। Wipro का शेयर बीते एक साल में करीब 39 फीसदी चढ़ा है। 2024 में यह 29 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।