अमेरिकी शेयर बाजार में तूफानी तेजी, 1100 अंक उछला Dow Jones; ज्यादातर बड़े शेयरों में रिकवरी

अमेरिकी शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। डॉव जोन्स 1100 अंक उछला। S&P 500 और नैस्डैक में भी मजबूत बढ़त रही। ट्रंप द्वारा ईरान पर सैन्य हमले टालने के बयान के बाद बाजार में रिकवरी आई। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Mar 23, 2026 पर 7:43 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिकी बाजारों में तेजी के साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली।

सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी शेयर बाजार के फ्यूचर्स में तेज उछाल देखने को मिला। इसकी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान रहा। इसमें उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में 'बहुत अच्छी और सकारात्मक बातचीत' हुई है। साथ ही उन्होंने ईरान के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर प्रस्तावित सैन्य हमलों को फिलहाल रोकने का आदेश दिया है।

इससे अमेरिकी शेयर बाजार में जोरदार तेजी दिखी। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज के फ्यूचर्स 1,100 अंक यानी करीब 2.6 प्रतिशत तक चढ़ गए। वहीं S&P 500 फ्यूचर्स में 2.7 प्रतिशत और नैस्डैक-100 फ्यूचर्स में भी करीब 2.7 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। यह तेजी मार्केट खुलने के बाद भी बरकरार रही।

तेल की कीमतों में भी तेज गिरावट


अमेरिकी बाजारों में तेजी के साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) फ्यूचर्स 9 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। वहीं ब्रेंट क्रूड 13 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 97 डॉलर प्रति बैरल से नीचे पहुंच गया।

ट्रंप ने पांच दिन के लिए टाले हमले

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्य पूर्व में चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए बातचीत जारी है।

उन्होंने बताया कि मौजूदा बातचीत को देखते हुए उन्होंने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर को निर्देश दिया है कि ईरान के पावर प्लांट और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाले सभी सैन्य हमलों को पांच दिनों के लिए टाल दिया जाए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह फैसला आगे की बातचीत में होने वाली प्रगति पर निर्भर करेगा।

बैंकिंग और टेक शेयरों में तेजी

अमेरिकी शेयर बाजार में आई तेजी से यह संकेत मिला कि कई सेक्टरों में रिकवरी देखने को मिल सकती है।

बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में बढ़त दिखी। JPMorgan Chase और Morgan Stanley के शेयर करीब 2 प्रतिशत तक ऊपर रहे। वहीं औद्योगिक कंपनियों Caterpillar और Deere के शेयरों में भी लगभग 2 प्रतिशत की तेजी आई।

टेक्नोलॉजी सेक्टर के शेयर भी मजबूत रहे। Nvidia और Apple के शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 2 प्रतिशत तक चढ़े।

कई हफ्तों की गिरावट के बाद रिकवरी

सोमवार की यह तेजी ऐसे समय आई है जब पिछले कुछ हफ्तों से अमेरिकी शेयर बाजार दबाव में थे। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से निवेशकों की चिंता बढ़ी हुई थी।

पिछले सप्ताह डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज और नैस्डैक कंपोजिट दोनों लगभग 2 प्रतिशत गिर गए थे। वहीं, S&P 500 में करीब 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई थी। डॉव ने 2023 के बाद पहली बार लगातार चार हफ्तों तक गिरावट दर्ज की थी।

सोमवार की तेजी से पहले डॉव और नैस्डैक अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से करीब 9.8 प्रतिशत नीचे आ चुके थे, यानी वे करेक्शन के करीब थे। वहीं रसेल 2000 इंडेक्स शुक्रवार को ही करेक्शन जोन में पहुंच गया था। S&P 500 भी अपने उच्च स्तर से लगभग 7 प्रतिशत नीचे था।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान से जुड़ा संघर्ष पांचवें हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। हफ्ते के आखिर में तनाव और बढ़ गया था। ट्रंप ने पहले चेतावनी दी थी कि अगर वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से नहीं खोला गया, तो ईरान के पावर प्लांट्स पर हमले किए जा सकते हैं।

इसके जवाब में ईरान ने कहा था कि अगर ऐसा हमला किया गया तो वह खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी हितों से जुड़े ढांचों, जैसे ऊर्जा और जल शुद्धिकरण संयंत्रों को निशाना बना सकता है। होर्मुज वैश्विक ऊर्जा सप्लाई के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस रास्ते से सामान्य जहाजों की आवाजाही कब पूरी तरह बहाल होगी।

Gift Nifty: मंगलवार को मार्केट में दिखेगी जोरदार तेजी? 800 अंक से ज्यादा उछला गिफ्ट निफ्टी

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।