Dr Reddy's Share Price: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी डॉ रेड्डीज लेबोरेटरीज के शेयरों में आज बिकवाली की तेज आंधी आई और यह 6% से अधिक टूट गया। इसके शेयरों में यह गिरावट एक एक्सचेंज फाइलिंग के चलते आई, जिसमें कंपनी ने बताया कि सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) की सप्लाई में देरी हो सकती है। इसने कंपनी के शेयरों पर दबाव बना दिया और यह धड़ाम हो गया। बिकवाली का दबाव इतना तेज है कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावदूद शेयर संभल नहीं पाए। फिलहाल बीएसई पर यह 5.81% की गिरावट के साथ ₹1270.30 पर है। इंट्रा-डे में यह 6.50% टूटकर ₹1,261.00 तक गिर गया था। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो 21 जनवरी 2026 को बीएसई पर यह एक साल के निचले स्तर ₹1,149.00 पर था जिससे पांच ही महीने में यह 23.10% उछलकर 29 जून 2026 को एक साल के हाई ₹1,414.40 पर पहुंचा था।
Semaglutide के सप्लाई में देरी की क्या वजह बताई Dr Reddy's ने
डॉ रेड्डीज का कहना है कि सेमाग्लूटाइड की कुछ बैच गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरी जिसकी वजह इसमें इस्तेमाल किए गए API (एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट) से जुड़ी दिक्कत पाई गई है। कंपनी का कहना है कि इसके मुख्य वजह की जांच हो रही है। कंपनी का कहना है कि जब तक मामला सुलझ नहीं जाता है. सेमाग्लूटाइड की कमर्शियल सप्लाई कुछ समय के लिए प्रभावित रहेगी। हालांकि कंपनी ने यह स्पष्ट किया है कि इससे मरीजों की सेफ्टी या इसक प्रोडक्ट से जुड़े ग्लोबल रेगुलेटरी फाइलिंग्स पर कोई असर नहीं पड़ा है। कंपनी ने इसे मई में कनाडा के बाजार में लॉन्च किया था जिसे कंपनी के लिए $12 करोड़ के कारोबारी मौके के तौर पर देखा जा रहा है।
क्या है ब्रोकरेज का रुझान?
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने 1 जुलाई की अपनी रिपोर्ट में डॉ रेड्डीज के लिए दो अहम ग्रोथ ड्राइवर्स गिनाए। एक तो कनाडा में सेमाग्लूटाइड, जहां कॉम्पटीशन से प्राइसिंग प्रेशर के बावजूद कंपनी का मार्केट में दबदबा मजबूत है तो दूसरा एबाटासेप्ट जो अमेरिका में अगले साल 2027 तक लॉन्च हो सकता है लेकिन कंपनी के प्लांट से जुड़े नियामकीय मुद्दे अभी भी अटके हैं। ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 202-2028 के EPS (प्रति शेयर कमाई) के अनुमान में बढ़ोतरी की है और फेयर वैल्यू ₹1,540 फिक्स किया है। हालांकि जेफरीज का मानना है कि रिस्क-रिवार्ड फेवरेबल नहीं है जिसके चलते ब्रोकरेज ने इसकी अंडरपरफॉर्म रेटिंग को बरकरार रखा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।