Dr. Reddy's News: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज को कनाडा में सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) के लिए अभी भी मंजूरी का इंतजार है। सीएनबीसी-टीवी18 को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। हालांकि इसी मंजूरी की उम्मीद ने आज कमजोर मार्केट में डॉ रेड्डीज के शेयरों में चाबी भरी और यह 11% से अधिक उछल पड़ा। यह इसके शेयरों में मई 2022 के बाद से इंट्रा-डे में एक दिन की सबसे बड़ी तेजी है। एक तरह घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) शुरुआती कारोबार में ही करीब 1% तक टूट गए तो दूसरी तरफ डॉ रेड्डीज के शेयर बीएसई पर 7.93% उछलकर ₹1313.45 तक पहुंच गए थे। हल्की-फुल्की मुनाफावसूली के साथ आज यह 11.50% की बढ़त के साथ ₹1357.00 (Dr Reddy's Lab Share Price) पर बंद हुआ है।
