Emmvee Photovoltaic Share Price: भारत और अमेरिका में सोलर पैनल बनाने वाली एम्मवी फोटोवोल्टैक के शेयर जून तिमाही के धमाकेदार कारोबारी पर नतीजे रॉकेट बन गए। डबल मुनाफे और रेवेन्यू में 51% से अधिक बढ़ोतरी का आज शेयरों ने जश्न मनाया और उछलकर 10% के अपर सर्किट पर चल गए जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल भी है। ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के चलते भाव नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 6.09% की बढ़त के साथ ₹358.25 पर है। इंट्रा-डे में यह 10% के अपर सर्किट ₹371.45 तक पहुंचा था।
Emmvee Photovoltaic की कैसी है कारोबारी सेहत
प्रोडक्शन में उछाल और ऑपरेटिंग मार्जिन में सुधार के चलते सोलर इक्विपमेंट बनाने वाली एम्मवी फोटोवोल्टैक पावर के लिए जून तिमाही धमाकेदार रही। कंसालिडेटेड बेसिस पर इसका ऑपरेशनल रेवेन्यू जून तिमाही में सालाना आधार पर 51.3% बढ़कर ₹1,555.5 करोड़ और शुद्ध मुनाफा दोगुना से अधिक बढ़कर ₹187.7 करोड़ से ₹380.3 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी ईबीआईटीडीए 56.4% बढ़कर ₹548 करोड़ और ऑपरेटिंग मार्जिन 34.1% से 35.2% पर पहुंच गया। हालांकि तिमाही आधार पर ग्रोथ सुस्त रही। तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 11% कम हुआ और प्रॉफिट भी 3% फिसल गया तो ईबीआईटीडीए 4% गिरा लेकिन EBITDA मार्जिन 33% से 35.2% पर पहुंचा।
ऑपरेशनली बात करें तो कंपनी का मॉड्यूल प्रोडक्शन सालाना आधार पर 53% और सोलर सेल प्रोडक्शन 26% बढ़ा। कंपनी के मुनाफे को अंदरूनी तौर पर सोलर सेल के अधिक इस्तेमाल से सपोर्ट मिला। जून तिमाही के आखिरी में कंपनी का ऑर्डर बुक 9.9 गीगावाट का था। इसमें C&I (कमर्शियल एंड इंडस्ट्रियल) ग्राहकों की 39%, IPPs (इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्सूर्स ) की 33% और बाकी 28% हिस्सेदारी अन्य कस्टमर सेगमेंट्स की रही। जून तिमाही में कंपनी को 1484 मेगावाट के नए ऑर्डर्स मिले।
मार्च 2026 तक के आंकड़ों के हिसाब से एम्मवी की इंस्टॉल्ड मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी सोलर मॉड्यूल्स के लिए 10.3 गीगावाट और सोलर सेल्स के लिए 2.94 गीगावाट थी। जून तिमाही में कंपनी के कैपेसिटी यूटिलाइजेशन में सुधार हुआ और इसका सोलर सेल यूटिलाइजेशन तिमाही आधार पर 79% से बढ़कर 83% तो सोलर मॉड्यूल यूटिलाइजेशन 44% से 45% पर पहुंच गया। जून तिमाही में कंपनी ने 970 मेगावाट सोलर मॉड्यूल बनाए जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह आंकड़ा 636 मेगावाट और एक तिमाही पहले 952 मेगावाट पर था तो सोलर सेल प्रोडक्शन सालाना आधार पर ₹360 मेगावाट और तिमाही आधार पर ₹428 मेगावाट से बढ़कर जून 2026 तिमाही में 454 मेगावाट पर पहुंच गया।
सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में एम्मवी फोटोवोल्टैक के प्रेसिडेंट और सीईओ सुहास डोंठी का कहना है कि अप्रैल-जून 2026 कंपनी के लिए अब तक की बेस्ट पहली तिमाही रही और इसे अब तक का सबसे मजबूत ऑर्डर इनफ्लो मिला। सुहास के मुताबिक सोलर सेल मैन्युफैक्चरिंग के बैकवार्ड इंटीग्रेशन से इसे फायदा मिला। उनका कहना है कि कंपनी वित्त वर्ष 2027 के ₹2200-₹2400 करोड़ के ईबीआईटीडीए गाइडेंस को हासिल करने के ट्रैक पर है और ऊपरी रेंज के पास रहेगी। उन्होंने 6 गीगावाट की इंटीग्रेटेड मॉड्यूल और सेल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता जोड़ने की योजना के बारे में भी बताया जबकि बैकवर्ड इंटीग्रेशन की कोशिशें भी जारी हैं।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
एम्मवी फोटोवोल्टैक के ₹2900 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹217 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। मार्केट में इसकी 18 नवंबर 2025 को एंट्री हुई थी। फ्लैट लिस्टिंग के बाद इसके शेयर अगले महीने 18 दिसंबर 2025 को ₹171.50 के भाव पर आ गए थे जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 7 महीने में यह 116.59% उछलकर आज 16 जुलाई 2026 को ₹371.45 पर पहुंच गए जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।