Stock Tips: देश की दिग्गज पॉवर कंपनियों में शुमार जेएसडब्ल्यू एनर्जी (JSW Energy) ने तीन महीने से कम समय में निवेशकों के पैसे को डबल कर दिया। हालांकि इसके बाद इसमें दबाव दिखा और अब तक 9 फीसदी फिसल चुका है। आज इसके शेयरों में अच्छी खरीदारी दिख रही है और शेयर करीब 6 फीसदी हुए हैं।
वहीं दूसरी तरफ मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि एक महीने में 15 फीसदी से अधिक तेजी के बावजूद इसके शेयरों में आगे गिरावट दिख सकती है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसमें निवेश के लिए 236.30 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है जो मौजूदा भाव से 30 फीसदी डाउनसाइड है। इसके शेयर बीएसई पर अभी 336.05 रुपये के भाव (JSW Energy Share Price) पर ट्रेड कर रहे हैं।
ब्रोकरेज फर्म ने दी Sale रेटिंग
घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने जेएसडब्ल्यू एनर्जी के सेल रेटिंग दी है। चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही में कंपनी को 470 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जो सालाना आधार पर 37.3 फीसदी अधिक रहा। वहीं कंसालिडेटेड रेवेन्यू भी समान अवधि में 14.4 फीसदी की उछाल के साथ 2390 करोड़ रुपये रहा लेकिन ईबीआईटीडीए 4.3 फीसदी गिरकर 890 करोड़ रुपये रह गया।
सितंबर 2022 तिमाही में मर्चेंट सेल्स में 17.8 फीसदी की गिरावट और रत्नागिरी प्लांट के मेंटेनेंस शटडाउन के चलते नेट जेनेरेशन में 1.6 फीसदी की गिरावट ने कंपनी का कारोबार प्रभावित किया।
ग्रिड कनेक्टेड रिन्यूएबल एनर्जी के अलावा कंपनी हाइड्रो-पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स, बीईएसएस, ग्रीन हाइड्रोजन में निवेश की तैयारी कर रही है और यह पॉलीसिलिकॉन बनाने की योजना पर भी काम कर रही है। जेएसडब्ल्यू को एनसीएलटी से रिजॉल्यूशन प्लान के लिए मंजूरी मिल चुकी है।
103% की तेजी के बाद 9% की गिरावट
जेएसडब्ल्यू एनर्जी के शेयर 20 जून 2022 को 182 रुपये के भाव पर थे जो 52 हफ्ते का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद शेयरों में खरीदारी का रूझान दिखा और भाव 103 फीसदी की उछाल के साथ 5 सितंबर 2022 को 369 रुपये पर पहुंच गया जो एक साल का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। इसके बाद से भाव में उतार-चढ़ाव बना रहा और पिछले एक महीने में यह 15 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है लेकिन एक साल के रिकॉर्ड ऊंचे स्तर से 9 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।