Essen Speciality Films IPO Listing: प्लास्टिक फिल्म और स्पा स्लिपर्स जैसे खास प्रकार के प्लास्टिक प्रोडक्ट्स बनाने वाली दिग्गज कंपनी एसेन स्पेशियलिटी फिल्म्स के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों को तगड़ा रिस्पांस मिला था और खुदरा निवेशकों ने बहुत बढ़-चढ़कर पैसा लगाया था। इसके शेयर 107 रुपये के भाव पर जारी हुए हैं और एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म NSE SME पर इसकी एंट्री 140 रुपये के भाव (Essen Speciality Films Share Price) पर हुई है यानी कि 31 फीसदी का लिस्टिंग गेन मिला। एंट्री के बाद भी शेयरों की तेजी नहीं थमी और दिन के आखिरी यह 147 रुपये के भाव पर बंद हुआ है यानी कि हर शेयर पर आईपीओ निवेशक 37 फीसदी के फायदे में हैं।
Essen Speciality Films IPO को तगड़ा मिला था रिस्पांस
23-27 जून के बीच खुले एसेन स्पेशियलिटी फिल्म्स के 66.33 करोड़ रुपये के आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था। 66.33 करोड़ रुपये का यह आईपीओ ओवरऑल 71.03 गुना सब्सक्राइब हुआ था जिसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का हिस्सा 45.26 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का 112.21 गुना और खुदरा निवेशकों का 68.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस इश्यू के तहत आईपीओ निवेशकों को 107 रुपये के भाव पर 46,99,200 नए शेयर जारी हुए हैं और 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 15 लाख शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हुई है। अब नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
2002 में बनी यह कंपनी घरों की जरूरतों और इससे जुड़ी इंडस्ट्री के लिए खास प्रकार के प्लास्टिक प्रोडक्ट्स बनाती है। यह बाथ एरिया एंड एक्सेसरीज, आर्टिफिशियल प्लांट्स एंड फ्लॉवर्स इत्यादि के साथ-साथ प्लास्टिक फिल्म्स, स्पा स्लिपर्स, बेबी शॉवर कैप्स और ग्रीन हाउस गटर शीट्स इत्यादि बनाती हैं। यह अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री आईकिया, वालमार्ट, केमार्ट और क्रोजर जैसी कंपनियों को भी करती है। कंपनी का कारोबार करीब 25 देशों में फैला हुआ है। इसके प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल होम फर्निशिंग, होम डेकोरेशन, डिपार्टमेंटल स्टोर्स, डिस्काउंट रिटेलर्स, हाइपरमार्केट्स, हार्डवेयर, खेती और मेडिकल इंडस्ट्री यानी लगभग हर इंडस्ट्री में होता है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका नेट प्रॉफिट लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 9.14 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 5.16 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में 13.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।