Magson IPO Listing: फ्रोजन फूड और विदेशी चॉकलेट बेचने वाली दिग्गज कंपनी मैगसन रिटेल एंड डिस्ट्रीब्यूशन (Magson Retail And Distribution) के शेयरों की आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म NSE SME पर धांसू एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर यह इसका आईपीओ 6 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था और अब इसने लिस्टिंग पर उन्हें खुश कर दिया। कंपनी के शेयर 65 रुपये के भाव पर जारी हुए हैं और मार्केट में इसकी एंट्री 91.15 रुपये पर हुई यानी कि आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग पर 40 फीसदी मुनाफा मिला। दिन के आखिरी में यह 95.70 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंचकर बंद हुआ। हर शेयर पर आईपीओ निवेशक 47 फीसदी के मुनाफे में हैं।
Magson IPO को कैसा मिला था रिस्पांस
मैगसन का 13.74 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 23-27 जून के बीच खुला था। ओवरऑल यह 6.74 गुना सब्सक्राइब हुआ था जिसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 7.38 गुना बोली मिली थी। इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 21.14 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी नए ऑर्गेनाइजेशन बनाने, फ्रेंचाइजी मॉडल के चहत स्टोर खोलने और बड़े सप्लायर्स के साथ टाईअप के साथ-साथ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
2018 में बनी मैगसन फ्रोजन फूड, प्रीमियम चीज और डेयरी प्रोडक्ट्स, बाहर से मंगाई हुई सब्जियां और फल, स्थानीय उत्पाद और आयात की हुई चॉकलेट्स की बिक्री करती है। मुंबई, राजस्थान और गुजरात में इसके 26 रिटेल स्टोर्स/आउटलेट्स हैं जिसमें से 16 यह खुद ऑपरेट करती है और 7 फ्रेंचाइजी ओनर्स और 3 ज्वाइंट वेंचर्स के तहत चलती हैं। इसके सभी स्टोर्स मैगसन (MagSon) के ब्रांड नाम से कारोबार करते हैं।
इसके कारोबार की खास बात ये है कि 75 फीसदी प्रोडक्ट्स यह सीधे मैनुफैक्चरर्स से मंगाती है जिससे इसका मार्जिन बढ़ता है। बाकी 25 फीसदी ही डिस्ट्रीब्यूटर्स/होलसेलर्स से मिलता है। मुनाफे की बात करें तो यह लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 1.66 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2021 में बढ़कर 1.82 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2022 में 2.23 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 2.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।