Exide Industries Q1 Result: शुरुआती उठा-पटक के साथ एक्साइड इंडस्ट्रीज के शेयर टूटकर रेड जोन में आ गए थे लेकिन जून तिमाही के कारोबारी नतीजे पर इसने जोरदार रिकवरी की। जून तिमाही में मुनाफे में 27% की बढ़ोतरी और रेवेन्यू में 17% के उछाल ने शेयरों में जोश भरा और इंट्रा-डे के निचले स्तर से यह करीब 7% चढ़ गया। ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के बाद इसके भाव नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 3.66% की बढ़त के साथ ₹451.55 (Exide Industries Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 1.30% टूटकर ₹429.95 तक आ गया था जिससे यह 6.97% उछलकर ₹459.90 तक पहुंचा था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का हाई लेवल है। पिछले कारोबारी दिन यह ₹435.60 पर बंद हुआ था।
Exide Industries Q1 Result: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में स्टैंडएलोन लेवल पर एक्साइड इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 27.09% उछलकर ₹407.26 करोड़ पर पहुंच गया तो ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी 17.63% बढ़कर ₹5,305.05 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो ईबीआईटीडीए इस दौरान 19.5% बढ़कर ₹655 करोड़ और ईबीआईटीडीए मार्जिन 12.2% से 12.4% पर पहुंच गया।
कंपनी ने वित्तीय रिपोर्ट में जिक्र किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच की लड़ाई से सप्लाई की दिक्कतें बढ़ी। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी के साथ मिलकर इसने इनपुट लागत पर दबाव बढ़ा दिया। इसके असर को फीका करने के लिए कंपनी ने भाव में बदलाव किए और लागत में सुधार की पहल का फायदा मिला, जिसका मार्जिन के मोर्चे पर इसे फायदा मिला। कंपनी की लिक्विडिटी पोजिशन जीरो कर्ज और हाई कैश फ्लो जेनेरेशन के साथ मजबूत बनी रही।
जून 2026 तिमाही में कंपनी के सभी बड़े बिजनेस में दोहरे अंकों की ग्रोथ रही। इसका ऑटोमोटिव ओईएम बिजनेस लगातार तीसरी तिमाही में 25% से अधिक की सालाना रफ्तार से बढ़ा। दोपहिया/चारपहिया रिप्लेसमेंट बिजनेस में भी लगातार तीसरी तिमाही में दोहरे अंकों की ग्रोथ रही, जिससे आफ्टरमार्केट सेगमेंट में लगातार बनी हुई मांग को का संकेत मिलता है। इसके अलावा गर्मियों के मौसम में मजबूत मांग और रणनीतिक पहलों के कारण इनवर्टर और सोलर बिजनेस की सालाना ग्रोथ 20% रही। कंपनी का एक्सपोर्ट बिजनेस भी 20% से अधिक रफ्तार से बढ़ा।
एक साल में कैसी रहा शेयरों का हाल
एक्साइड इंडस्ट्रीज के शेयरों ने निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है। 30 मार्च 2026 को बीएसई पर यह ₹286.85 पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर पर शेयर संभले और चार ही महीने में यह 60.33% उछलकर आज 30 जुलाई 2026 को ₹459.90 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।