अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व 18 सितंबर को इंटरेस्ट रेट में कमी करने का ऐलान करेगा। यह मार्च 2020 के बाद अमेरिका में इंटरेस्ट रेट में पहली कटौती होगी। ज्यादातर एक्सपर्ट्स का मानना है कि फेड इंटरेस्ट रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कमी करेगा। कुछ एक्सपर्ट्स ने 50 बेसिस प्वाइंट्स की कमी का अनुमान जताया है। इंटरेस्ट रेट घटने की उम्मीद में स्टॉक मार्केट में तेजी दिखी है। एसएंडपी 500 इस महीने करीब 1.5 फीसदी चढ़ा है।
बॉन्ड यील्ड में तेज गिरावट
अमेरिका में 2 साल के सरकारी बॉन्ड (ट्रेजरी नोट) की यील्ड में बड़ी गिरावट आई है। यह जुलाई के 4.8 फीसदी से घटकर 3.6 फीसदी पर आ गई है। 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड में भी तेज गिरावट आई है। फेड फंड्स फ्यूचर्स को भी इंटरेस्ट रेट में 50 बेसिस प्वाइंट्स कमी की उम्मीद है। उसका मानना है कि फेड फंड रेट अगले साल मार्च तक 325-350 बेसिस प्वाइंट्स पर आ जाएगा। अभी यह 525-550 बेसिस प्वाइंट्स पर है। इसका मतलब है कि मार्केट को अगले छह महीनों में इंटरेस्ट रेट में 200 बेसिस प्वाइंट्स कमी की उम्मीद है।
फेडरल रिजर्व की इंटरेस्ट रेट कमेटी FOMC ने जून में अपनी मीटिंग में 2025 के अंत तक फेड फंड रेट 4.1 फीसदी रहने का अनुमान जताया था। ऐसा लगता है कि मार्केट ने इंटरेस्ट रेट में इससे ज्यादा कमी का अनुमान लगाया है। जैक्सन होल में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने संकेत दिया था कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक का फोकस अब इनफ्लेशन को नियंत्रण में करने की जगह लेबर मार्केट को सपोर्ट करने पर है। फेड ने इस साल के अंत तक बेरोजगारी दर 4 फीसदी और अगले साल के अंत तक 4.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। अगस्त में यह 4.2 फीसदी था।
ज्यादातर इकोनॉमिस्ट्स को 25 बीपीएस कमी की उम्मीद
ज्यादातर इकोनॉमिस्ट्स का मानना है कि फेडरल रिजर्व 18 सितंबर को इंटरेस्ट रेट में 25 बेसिस प्वाइंट्स की कमी करेगा। लेकिन, वॉल स्ट्रीट जर्नल के रिपोर्टर निक टिमीराओस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि केंद्रीय बैंक इंटरेस्ट रेट में 50 बेसिस प्वाइंट्स की कमी कर सकता है। कुछ एनालिस्ट्स का कहना है कि फेडरल रिजर्व ने अपने विकल्प खुले रखे हैं ताकि बाजार को किसी तरह का झटका नहीं लगे। पहले यह कहा जा रहा था कि 50 बेसिस प्वाइंट्स की कमी से ऐसा लगेगा कि फेडरल रिजर्व डरा हुआ है।
यह भी पढ़ें: Union Bank of India के शेयर में आगे आ सकती है 22% तेजी, इनवेस्टेक ने दी खरीदने की सलाह; कीमत 2% उछली
सवाल है कि अगर फेड इंटरेस्ट रेट 50 बेसिस प्वाइंट्स घटाता है तो जापानी येन में फिर से कैरी ट्रेड की अनवाइंडिंग देखने को मिलेगी? ऐसा होने पर बैंक ऑफ जापान की उलझन बढ़ जाएगी। लेकिन, यह ध्यान में रखने की जरूरत है कि अगस्त की शुरुआत के मुकाबले येन अभी मजबूत है। बैंक ऑफ जापान की अगली बैठक 19 और 20 सितंबर को होने वाली है। बाजार के संकेतों से लगता है कि येन में कैरी ट्रेड की अनवाइंडिंग हो चुकी है।