Five Star Business Finance Share Price: फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस के शेयरों में आज 26 सितंबर को कई बड़े ब्लॉक डील देखने को मिले। इन डील के जरिए पीक XV और दूसरे निवेशकों ने कंपनी के करीब 1.04 करोड़ शेयरों को बेचा, जो इसकी 4.65 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। ये डील 800 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर हुई, जिसके आधार पर डील की कुल वैल्यू करीब 832 करोड़ रुपये आती है।
इस ब्लॉक डील के बाद कंपनी के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस के शेयर आज 26 सितंबर को एनएसई पर करीब 2 फीसदी की बढ़त के साथ खुले। लेकिन इसके तुरंत बाद इसमें तेज गिरावट आई और खबर लिखे जाने के शेयर 0.6 फीसदी की गिरावट के साथ 803 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 10 फीसदी की तेजी आई है, जो निफ्टी के मुकाबले कम है।
मनीकंट्रोल इस डील में शामिल सभी पक्षों की तुरंत पहचान नहीं कर सका। हालांकि हमारे सहयोगी CNBC TV-18 ने एक रिपोर्ट में बताया था कि पीक XV पार्टनर और दूसरे प्राइवेट निवेशक कंपनी में अपनी 20 फीसदी तक हिस्सेदारी बेचने की कोशिश में है। ये पूरी डील करीब 50 करोड़ डॉलर की हो सकती है।
जून तिमाही तक के आंकड़ों के मुताबिक, पीक XV पार्टनर्स के पास इस नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी में 6.25 फीसदी हिस्सेदारी थी।
इससे पहले दिसंबर में ही पीक XV पार्टनर्स सहित कई बड़े निवेशकों ने कंपनी में करीब 1,656 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी ओपन मार्केट के जरिए बेची थी। इन निवेशकों में टीपीजी एशिया VII एसएफ पीटीई, मैट्रिक्स पार्टनर्स इंडिया इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स II एलएलसी, और पीक XV पार्टनर्स इन्वेस्टमेंट्स V शामिल थे।
इससे भी पहले सितंबर 2023 में, नॉरवेस्ट वेंचर पार्टनर्स एक्स मॉरीशस, मैट्रिक्स पार्टनर्स इंडिया इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स II एलएलसी और टीपीजी एशिया VII एसएफ पीटीई ने भी फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस के 2.55 करोड़ शेयर 1,863 करोड़ रुपये में बेचे थे।