FMCGs Stocks: साबुन, तेल और चायपत्ती जैसे रोजाना उपभोग के सामान बेचने वाली FMCG कंपनियों के शेयरों में आज 9 दिसंबर को भारी गिरावट देखने को मिली। यह गिरावट FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडेक्ट्स (Godrej Consumer Products) की एक रिपोर्ट के बाद आई। गोदरेज कंज्यूमर ने बताया कि उसकी तीसरी तिमाही में बिक्री के आंकड़े कमजोर रह सकते हैं। इन आंकड़ों के चलते अब पूरे FMCG सेक्टर की डिमांड में सुस्ती लेकर चिंता पैदा हो गई है।
FMCG सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयरों में पिछले 6 हफ्ते की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट आई है और इसका शेयर 6 हफ्ते तक लुढ़क गया। इसके बाद डाबर, मैरिको और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, ब्रिटानिया और कोलगेट का स्थान रहा, जिनमें 2 से 4 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, सबसे अधिक गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स मेंगिरावट देखी गई। तिमाही अपडेट के बाद इसके शेयर शुरुआती कारोबार में 9 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गए।
इस गिरावट का असर निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स (Nifty FMCG Index) पर भी देखने को मिला और यह शुरुआती कारोबार में 2 प्रतिशत से अधिक नीचे चला गया। निफ्टी FMCG, आज सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला सेक्टोरल इंडेक्स भी रहा।
इससे पहले गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने तिमाही समाप्त होने से पहले ही अपनी तिमाही बिक्री का अपडेट जारी करके शेयर बाजार को चौंका दिया। यह पहली बार है जब कंपनी ने तिमाही समाप्त होने से अपनी तिमाही बिक्री का अपडेट जारी किया है। कंपनी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में इकोनॉमी में मांग की स्थिति 'धीमी' रही है।
कंपनी ने कहा, "भारत में पिछले कुछ महीनों से मांग की स्थिति सुस्त रही है, जो FMCG मार्केट की ग्रोथ से भी साफ पता चलता है।" इससे भी निराशा वाली बात ये रही है कि गोदरेज कंज्यूमर ने कहा कि उसे इन नेगेटिव ट्रेंड के आगे भी कुछ महीनों तक बने रहने की संभावना है।
इस रिपोर्ट ने पूरे FMCG सेक्टर में मांग की लगातार कमी की चिंताओं को फिर से जीवित कर दिया। सितंबर तिमाही (Q2) के नतीजों के दौरान भी कई FMCG कंपनियों ने इस समस्या का जिक्र किया था।
शहरी खपत में गिरावट, धीमी आर्थिक ग्रोथ और वास्तविक वेतन में मामूली बढ़ोतरी ने FMCG कंपनियों की वॉल्यूम ग्रोथ पर असर पड़ा है। इसके अलावा, इन कारणों ने कंपनियों के ऑपरेटिंग मार्जिन पर भी दबाव बढ़ा दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।