Suzlon से लेकर Mazagon Dock तक; निफ्टी-500 के इन 8 शेयरों ने इस साल डबल कर दिया पैसा

Multibagger Stocks: शेयर बाजार में इस समय खूब पैसा बन रहा है। 5 महीने पहले बाजार में जो तेजी शुरू हुई थी, वो थमने का नहीं ले रही है। ऐसे में आज हम उन 8 शेयरों के बारे में बात करने वाले हैं, जिन्होंने इस साल की शुरुआत से अबतक, यानी बस 8 महीने में अपने निवशेकों के पैसे दोगुना कर दिया है। ये सभी शेयर निफ्टी-500 के स्टॉक्स हैं

अपडेटेड Sep 04, 2023 पर 9:52 PM
Story continues below Advertisement
सेंसेक्स-निफ्टी से लेकर मिडकैप और स्मॉलकैप इंडैक्स तक, सभी अपने ऑलटाइम हाई के पास कारोबार कर रहे हैं

Multibagger Stocks: शेयर बाजार में इस समय खूब पैसा बन रहा है। 5 महीने पहले बाजार में जो तेजी शुरू हुई थी, वो थमने का नहीं ले रही है। सेंसेक्स-निफ्टी से लेकर मिडकैप और स्मॉलकैप इंडैक्स तक, सभी अपने ऑलटाइम हाई के पास कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में आज हम उन 8 शेयरों के बारे में बात करने वाले हैं, जिन्होंने इस साल की शुरुआत से अबतक, यानी बस 8 महीने में अपने निवशेकों के पैसे दोगुना कर दिया है। ये सभी शेयर निफ्टी-500 के स्टॉक्स हैं। तो फिर देर किस बात की, आइए इन सभी शेयरों के बारे में एक-एक कर जानते हैं-

1. जेबीएम ऑटो (JBM Auto)

JBM ऑटो के शेयरों का भाव इस साल अबतक करीब तीन गुना बढ़ चुका है। लगभग 190 फीसदी की इस साल इसमें तेजी आई है। यह तेजी क्यों आई? JBM ऑटो को अपनी सब्सिडियरी कंपनी के जरिए 5,000 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर मिला। कंपनी के पास फिलहाल 5,000 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर बुक है। दिलचस्प बात यह है कि जब हमने जून तिमाही के कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न को देखा, तो इसमें हमें किसी भी म्यूचुअल फंड का निवेश नहीं दिखा। इससे पहले 2021 में स्टॉक करीब 4 गुना बढ़ गया था।

2. अपार इंडस्ट्रीज (Apar Industries)


इस शेयर का भाव भी 2023 में अब तक करीब 3 गुना हो गया है। इसने निवेशकों को इस साल करीब 180 फीसदी का रिटर्न दिया है। अपार इंडस्ट्रीज के बारे में आपको बताएं तो यह एल्युमिनियम एंड एलॉय कंडक्टर बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है। वहीं ट्रांसफॉर्मर ऑयल बनाने वाली दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है। इसके अलावा कंपनी कई तरह के केबल्स भी बनाती हैं। कम्प्लीट सर्कल कंसल्टेंट्स के गुरुमीत चड्ढा को भी यह स्टॉक्स पसंद है। उन्होंने बताया, "पावर सेक्टर में बढ़ रहे कैपिटल एक्सपेंडिचर के प्रॉक्सी के रूप में अपार इंडस्ट्रीज को वो ट्रैक कर रहे हैं।"

3. ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक (Olectra Greentech)

यह भी एक इलेक्ट्रिक बस सप्लाई करने वाली कंपनी है। इस साल अब तक ओलेक्ट्रा के शेयर 150 प्रतिशत से अधिक उछल चुके हैं। कंपनी को जुलाई में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का कॉन्ट्रैक्ट्स मिला है और इसे 5,000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर मिला। 2021 में स्टॉक में लगभग 500 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी।

यह भी पढ़ें- Share Markets: सेंसेक्स में लगातार दूसरे दिन तेजी; निवेशकों ने एक दिन में ₹2.74 लाख करोड़ कमाया

4. जेनसार टेक (Zensar Tech)

यह एक मिडकैप आईटी स्टॉक है। इस साल इसने 150 प्रतिशत से अधिक का शानदार प्रदर्शन किया है। इस स्टॉक में फ्रैंकलिन इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड, HSBC म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड के अलावा गोल्डमैन सैक्स जैसे फंड्स ने भी हिस्सेदारी ली हुई है।

5. मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स (Mazagon Dock Shipbuilders)

यह हाल के समय के सबसे सफल आईपीओ में से एक है। एक समय पर इस स्टॉक का भाव करीब 3 गुना बढ़ गया था। तबसे इसमें थोड़ी गिरावट आई है। हालांकि फिर भी इस स्टॉक का रिटर्न इस साल अबतक करीब 140 प्रतिशत बढ़ा है। कंपनी में अभी भी सरकार की 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है। उनकी तीन साल की लॉक-इन अवधि इसी सितंबर में समाप्त हो रही है, इसके बाद कंपनी के करीब 20 प्रतिशत शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।

6. सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy)

रिटेल निवेशकों का इस शेयर पर काफी फोकस है। साल 2019 में इसका शेयर 2 रुपये अपने ऑल-टाइम निचले स्तर पर चला गया था, तब से अब तक इसमें करीब 12 गुना की तेजी आ चुकी है। यह साल 2015 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर इस समय कारोबार कर रहा है। सिर्फ इस साल इसने अपने निवेशकों को करीब 133 फीसदी का रिटर्न दिया है। लेकिन अगर पीछे मुड़कर देखें तो, सुजलॉन ने सितंबर 2005 में 510 रुपये के भाव पर अपना आईपीओ लाया था। इस स्तर से अभी यह स्टॉक कोसों दूर है।

7. डेटा पैटर्न (Data Patterns)

पिछले 2 सालों से डिफेंस शेयरों में तेजी देखी जा रही है और डेटा पैटर्न को भी इसका खूब फायदा मिला है। डेटा पैटर्न पिछले साल 585 रुपये के भाव पर अपना आईपीओ लाई थी, तब से अबतक इसकी कीमतों में करीब 4 गुना की उछाल आ चुकी है। सिर्फ इस साल इसके शेयरों में 127 फीसदी का उछाल आया है। निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड, 360 वन फोकस्ड इक्विटी फंड, एक्सिस स्मॉल कैप फंड और यहां तक कि अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी ने भी इस कंपनी में निवेश किया हुआ है।

8. साएंट लिमिटेड (Cyient Ltd)

इस शेयर ने इस साल अबतक 112 पर्सेंट का रिटर्न दिया है। साएंट बिजनेस ने इस साल अपने DLM बिजनेस को खुद से अलग कर दिया, इससे भी इसके शेयरों में तेजी को सपोर्ट मिला। Cyient DLM अब अलग कंपनी के रूप में कारोबार करती है और उसका आईपीओ, इस साल के सबसे सफल आईपीओ में से एक था।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफार्मेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।