Gainers & Losers: Suzlon और HUL समेत इन 11 शेयरों से बना तगड़ा पैसा, इंट्रा-डे में रही तेज हलचल
Gainers & Losers: लगातार पांच कारोबारी दिनों में 7 फीसदी से अधिक रिकवरी के बाद बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) अब रिकॉर्ड हाई से 8 फीसदी से थोड़ा ही अधिक नीचे हैं। पिछले साल 27 सितंबर को इंट्रा-डे में सेंसेक्स 86 हजार के काफी करीब 85,978.25 और निफ्टी भी 26300 के करीब 26,277.35 के रिकॉर्ड हाई तक पहुंचा था। जानिए कि आज किन शेयरों से इंट्रा-डे में तगड़ा पैसा बना?
Gainers & Losers: घरेलू मार्केट में आज खरीदारी का जोरदार माहौल दिखा। एफएमसीजी को छोड़ हर सेक्टर का निफ्टी इंडेक्स ग्रीन रहा। निफ्टी एफएमसीजी करीब एक फीसदी कमजोर हुआ है। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 में लगातार पांचवे दिन तेजी रही। ओवरऑल बात करें तो लगातार चार कारोबारी दिनों की तेजी में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब ₹32 लाख करोड़ बढ़ा है जिसमें से 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बारिश तो सिर्फ आज ही हुई है।
दिन के आखिरी में आज बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 855.30 प्वाइंट्स यानी 1.09% उछलकर 79408.50 तो निफ्टी 50 (Nifty 50) 1.15% यानी 273.90 प्वाइंट्स चढ़कर 24125.55 पर बंद हुआ है। अब आज इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो कुछ शेयर अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते तेजी से ऊपर-नीचे हुए हैं, उनमें से कुछ के बारे में यहां बताया जा रहा है तेज हलचल की वजह के साथ।
इन स्टॉक्स में दिखी जोरदार खरीदारी
Vodafone Idea (VI) । मौजूदा भाव: ₹8.07 (+10.25%)
भारत सरकार ने वोडाफोन आइडिया में हिस्सेदारी बढ़ाकर 48.99% की तो शेयर इंट्रा-डे में 11.75% उछलकर ₹8.18 पर पहुंच गए।
Bank of Baroda । मौजूदा भाव: ₹249.65 (+2.86%)
एलआईसी ने बैंक ऑफ बड़ौदा में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 7.05% की तो बैंक के शेयर इंट्रा-डे में 3.21% उछलकर ₹250.50 पर पहुंच गए।
Muthoot Finance । मौजूदा भाव: ₹2202.20 (+4.32%)
मुथूट फाइनेंस ने प्रति शेयर ₹26 के डिविडेंड का ऐलान किया तो शेयर इंट्रा-डे में 4.64% उछलकर ₹2209.00 पर पहुंच गए। इस डिविडेंड का रिकॉर्ड डेट 25 अप्रैल फिक्स की गई है। इसके अलावा कंपनी ने अपनी उधार लेने की शक्ति को बढ़ाकर ₹2 लाख करोड़ करने की भी सिफारिश की है और जॉर्ज जोसेफ को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है।
Suzlon Energy । मौजूदा भाव: ₹60.31 (+9.50%)
सुजलॉन एनर्जी को सनश्योर एनर्जी से 100.8 मेगावाट का ईपीसी विंड पावर ऑर्डर मिला तो सुजलॉन के शेयर इंट्रा-डे में 10.93% उछलकर ₹61.10 पर पहुंच गए।
GAIL (India) । मौजूदा भाव: ₹195.30 (+4.47%)
टैरिफ में हाइक की उम्मीद पर सीएलएसए ने गेल की रेटिंग अपग्रेड कर आउटपरफॉर्म कर दी और टारगेट प्राइस ₹210 फिक्स किया तो शेयर इंट्रा-डे में 5.38% उछलकर ₹197.00 पर पहुंच गए। नेचुरल गैस पाइपलाइन टैरिफ पर पीएनजीआरबी ने एक कंसल्टेशन पेपर जारी किया है और सीएलएसए ने जून तक टैरिफ में 20-25% की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई है। गेल ने टैरिफ को ₹59 से बढ़ाकर ₹78.72 per MMBtu करने का प्रस्ताव रखा है।
Just Dial । मौजूदा भाव: ₹1028.75 (+11.75%)
मार्च 2025 तिमाही के धमाकेदार नतीजे पर जस्ट डायल के शेयर आज इंट्रा-डे में 14.04% उछलकर ₹1049.85 पर आ गए। मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 61% बढ़कर ₹584.2 करोड़ पर पहुंच गया।
इन शेयरों में रहा बिकवाली का तेज दबाव
Gensol Engineering । मौजूदा भाव: ₹111.65 (-4.98%)
सेबी ने जेनसॉल इंजीनियरिंग में और गड़बड़ियों का खुलासा किया तो जेनसॉल इंजीनियरिंग के शेयर और नीचे आ गए। आज फिर यह 5% टूटकर ₹111.65 के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ है। सेबी ने अपनी जांच में पाया कि पुणे की ईवी फैसिलिटी में कोई मैन्युफैक्चरिंग एक्टिविटी नहीं हो रही थी। पिछले साल 20 फरवरी 2024 को इंट्रा-डे में यह ₹1377.10 के रिकॉर्ड हाई पर था यानी कि निवेशकों की 91.89% पूंजी डूब चुकी है।
Adani Ports । मौजूदा भाव: ₹1243.25 (-1.32%)
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) ऑस्ट्रेलिया में एक कोल टर्मिनल का अधिग्रहण करने जा रही है तो शेयरों को शॉक लगा और इंट्रा-डे में यह 3.98% टूटकर ₹1209.75 पर आ गया। आज सेंसेक्स का यह टॉप लूजर है। ब्रोकरेज फर्म नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट का मानना है कि करीब 254 करोड़ डॉलर के एंटरप्राइज वैल्यू पर ऑस्ट्रेलिया के डीप वाटर कोल एक्सपोर्ट टर्मिनल की खरीदारी से कंपनी के अर्निंग प्रति शेयर (EPS) में गिरावट आ सकती है।
Marico । मौजूदा भाव: ₹695.25 (-2.69%)
HUL । मौजूदा भाव: ₹2350.00 (-1.04%)
Godrej Consumer । मौजूदा भाव: ₹1214.70 (-2.09%)
ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए का मानना है कि भारतीय एफएमसीजी कंपनियां पीई (प्राइस-टू-अर्निंग्स) के हिसाब से दुनिया में सबसे महंगी कंपनियों में शुमार है। इसके चलते मैरिको के शेयर इंट्रा-डे में 2.85% फिसलकर ₹694.15, एचयूएल 1.13% टूटकर ₹2347.80 और गोदरेज कंज्यूमर 2.36% गिरकर ₹1211.30 पर आ गया। ब्रोकरेज फर्म का एचयूएल (हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड) और मैरिको पर सतर्क रुझान बना हुआ है और इसकी रेटिंग अंडरपरफॉर्म है तो दूसरी तरफ गोदरेज कंज्यूमर की रेटिंग भी डाउनग्रेड कर अंडरपरफॉर्म कर दी है। सीएलएसए ने एचयूएल का टारगेट प्राइस ₹1943, मैरिको का ₹492 और गोदरेज कंज्यूमर का ₹1062 फिक्स किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।