Go Digit Shares: गो डिजिट जनरल इंश्योंरेस के शेयर के आज 2 सितंबर को दवाब में कारोबार करते दिखे। दिन के उच्चस्तर से कंपनी का शेयर करीब 4 फीसदी तक लुढ़क गया। यह गिरावट इस खबर के बाद आई कि ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज (Emkay Global Financial Services) ने कंपनी के वैल्यूएशन को महंगा बताते हुए इसे 'बेचने (Sell)' की अपनी सलाह दोहराई है। ब्रोकरेज ने अपने हालिया रिपोर्ट में कहा कि गो डिजिट का मौजूदा प्रीमियम वैल्यूएशन इंडस्ट्री और कंपनी से जुड़े जोखिमों की अनदेखी कर रहा है।
Emkay ने कंपनी के मैनेजमेंट से मुलाकात के बाद कहा कि गो डिजिट प्रॉफिटेबल ग्रोथ उसकी रणनीति का केंद्रीय बिंदु बना हुआ है। कंपनी ने ग्रोथ को लेकर एक चुस्त और अवसरों पर आधारित रणनीति को अपनाया हुआ है, जहां उसने बेहद कॉम्पिटीशन वाले सेगमेंट से दूरी बनाए हुई है।
Go Digit ने किसी भी एक डिस्ट्रीब्यूटर पर अधिक निर्भर न होने के उद्देश्य के साथ एक ऐसी रणनीतिक अपनाई है, जो किसी एक चैनल पर निर्भर नहीं है। कंपनी का फोकस यह सुनिश्चित करने पर है कि उसके डिस्ट्रीब्यूशन चैनल में किसी भी एक स्रोत पर अधिक निर्भरता न हो।
Emkay ने कहा कि टेक्नोलॉजी और डेटा एनालिटिक्स कंपनी की सुस्त रणनीति को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस रणनीति में किसी भी प्रोडक्ट या चैनल में तेजी या धीमापन लाने की क्षमता है।
Emkay ने कंपनी की रणनीति और मैनेजमेंट की क्षमता की सराहना की, लेकिन साथ ही इसे लेकर संदेह भी व्यक्त किया कि क्या यह रणनीति बराबर रूप से ग्रोथ और प्रॉफिटेबिलिटी दोनों को डिलीवर कर पाएगी।
Emkay ने यह भी नोट किया कि मोटर TP (थर्ड पार्टी) लाइन ऑफ बिजनेस, इंडस्ट्री के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। लेकिन Emkay का मानना है कि FY25 में मोटर TP के टैरिफ में कोई बढ़ोतरी नहीं होने वाला है और FY26 में भी टैरिफ हाइक सीमित रहेगा।
ब्रोकरेज ने कहा कि गो डिजिट के शेयर फिलहाल वित्त वर्ष 2026 की अनुमानित अर्निंग्स पर 58 के P/E रेशियो और 7.4 के P/B रेशियो पर कारोबार कर रहे हैं। जबकि इसकी लिस्टेड प्रतिद्वंदी कंपनियां क्रमश: औसतन 34 के P/E रेशियो और 6.4 के P/B रेशियो पर कारोबार कर रहे हैं।
सुबह 10.30 बजे के करीब, गो डिजिट के शेयर एनएसई पर 2.05 फीसदी की गिरावट के साथ 375.85 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 11 फीसदी की तेजी आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अबतक इसके शेयरों का भाव करीब 25.41 फीसदी बढ़ा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।