Go Fashion Share Price: कपड़े बेचने वाली गो कलर्स (Go Colors) की पैरेंट कंपनी गो फैशन (Go Fashion) के शेयरों में आज बिकवाली का भारी दबाव है। इसके करीब 62 लाख शेयरों की बल्क डील्स ने इसकी चाल बिगाड़ दी है। यह करीब 11.5 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। इन शेयरों की बिक्री 1136 रुपये के औसत भाव से हुई जो 9 जून के क्लोजिंग प्राइस से 5 फीसदी डिस्काउंट पर है। 705.5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम डील के चलते कंपनी के शेयरों पर दबाव बढ़ा और यह करीब 5 फीसदी टूटकर 1133.30 रुपये पर आ गया। इसके बाद भाव में थोड़ी रिकवरी हुई और आज यह 4.85 फीसदी की गिरावट के साथ 1136.10 रुपये पर बंद हुआ है।
किसने बेचे Go Fashion के शेयर
इन शेयरों की बिक्री किसने की और किसने खरीदा, इसे लेकर कोई खुलासा तो नहीं हो पाया है। हालांकि सीएनबीसी-टीवी18 ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी थी कि वेंचर कैपिटल फर्म सिकोईया कैपिटल (Sequoia Capital) कंपनी में अपनी पूरी यानी 10.18 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है। सिकोईया कैपिटल की योजना अपने पास के शेयरों को 1135 रुपये के भाव पर बेचने की थी और यह सौदा करीब 624 करोड़ रुपये का होता।
Sequoia Capital बदल रही अपना कारोबारी ढांचा
कुछ दिन पहले सिकोईया कैपिटल ने अपने कारोबार को तीन एंटिटीज में बांटने का ऐलान किया था। इस ऐलान के पांच दिनों के बाद अब सूत्रों ने बताया कि इसने गो फैशन के शेयरों को बेचने का फैसला किया। वेंचर कैपिटल फर्म तीन हिस्से में कारोबार बांटेगी और इनमें से हर का फोकस अमेरिका, चीन के साथ-साथ भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजारों पर होगा। कंपनी के मुताबिक ऐसा करना इसलिए जरूरी हो गया था क्योंकि इन क्षेत्रों में सिकोईया कैपिटल के पोर्टफोलियो कंपनियों का बिजनेस इतनी तेजी से बढ़ रहा है कि वे एक-दूसरे से भिड़ने लगी।
भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया में निवेश की जिम्मेदारी संभालने वाले डिविजन का नाम Peak XV Partners रखा गया है। यह एक स्वतंत्र कंपनी के रूप में काम करेगी और 13 फंडों के 920 करोड़ डॉलर को मैनेज करेगी। वहीं सिकोईया को ओवरऑल फंड के अब तक कहीं निवेश नहीं होने वाले 250 करोड़ डॉलर को स्टार्टअप्स में निवेश करना जारी रखेगी।