ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने LTIMindtree के लिए रेटिंग को घटाकर 'न्यूट्रल' कर दिया है। साथ ही टारगेट प्राइस को भी ₹6,570 से घटाकर ₹4,500 प्रति शेयर कर दिया है। LTIMindtree का शेयर 28 मार्च को बीएसई पर 3 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट के साथ 4492.40 रुपये पर बंद हुआ, जो नए टारगेट प्राइस से थोड़ा ही कम है। कंपनी का मार्केट कैप 1.33 लाख करोड़ रुपये है।
ब्रोकरेज ने टाटा ग्रुप की कंपनी TCS के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। लेकिन टारगेट प्राइस को ₹4,550 से घटाकर ₹4,230 प्रति शेयर कर दिया है। यह शेयर के 28 मार्च को BSE पर बंद भाव 3604.45 रुपये से 17 प्रतिशत ज्यादा है। शेयर 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ है। TCS देश की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी है। इसका मार्केट कैप 13 लाख करोड़ रुपये है।
इंफोसिस और विप्रो के लिए क्या है रुख
गोल्डमैन सैक्स ने Infosys के शेयर के लिए भी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है, जबकि टारगेट प्राइस को ₹2,100 से घटाकर ₹1,790 प्रति शेयर कर दिया है। शेयर बीएसई पर 2 प्रतिशत टूटकर 1570.40 रुपये पर बंद हुआ है। नया टारगेट प्राइस इस कीमत से 14 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी का मार्केट कैप 6.5 लाख करोड़ रुपये है। इस बीच, गोल्डमैन सैक्स ने विप्रो के शेयर पर अपनी 'सेल' रेटिंग बरकरार रखी है। शेयर के लिए टारगेट प्राइस ₹256 प्रति शेयर है। विप्रो का शेयर 3.66 प्रतिशत टूटकर बीएसई पर 262.10 रुपये पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 2.74 लाख करोड़ रुपये है।
अमेरिका की ओर से रेसिप्रोकल यानि जवाबी टैरिफ को लेकर अनिश्चितता के कारण 28 मार्च को आईटी शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा। गोल्डमैन सैक्स ने भारत के आईटी सर्विसेज सेक्टर के लिए अपने FY26E रेवेन्यू ग्रोथ एस्टिमेट को घटा दिया है। ब्रोकरेज को अब सालाना आधार (स्थिर मुद्रा) पर 4 प्रतिशत ग्रोथ का अनुमान है। यह इसके पिछले अनुमान से 230-बेसिस पॉइंट कम है। FY25E के लिए रेवेन्यू ग्रोथ एस्टिमेट 3.5% साल दर साल है। गोल्डमैन सैक्स ने डाउनग्रेड का कारण व्यापक आर्थिक अनिश्चितता को बताया है, विशेष रूप से अमेरिका में।
UBS को आईटी शेयरों से क्या उम्मीद
एक अन्य ब्रोकरेज हाउस UBS को भारतीय आईटी शेयरों के लिए गिरावट की तुलना में अधिक उछाल की उम्मीद है। इसने TCS पर 'बाय' रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस ₹4,250 है। इंफोसिस पर भी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है, टारगेट प्राइस ₹2,100 है। विप्रो और एचसीएल टेक्नोलोजिज को भी खरीदने की सलाह है, और इन दोनों के शेयरों के लिए टारगेट प्राइस क्रमशः ₹315 और ₹2,030 है। हालांकि, ब्रोकरेज ने टेक महिंद्रा को ₹1,470 के टारगेट प्राइस के साथ 'सेल' रेटिंग दी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।