भारत सरकार ने SUUTI के जरिए एक्सिस बैंक (Axis Bank) में रखी अपनी 1.55 फीसदी हिस्सेदारी को शेयर बाजार में बेचने का फैसला किया है। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल CNBC-Awaaz ने सबसे पहले ये खबर दी थी, जिसकी अब एक नियामकीय फाइलिंग्स के जरिेए पुष्टि हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक Axis Bank के करीब 4.65 करोड़ शेयरों को 830.63 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 10 नवंबर और 11 नवंबर को बिक्री के लिए रखा जाएगा। बता दें कि 'स्पेसिफाइड अंडरटेकिंग ऑफ द यूनिट ट्रस्ट ऑफ इंडिया' को कॉरपोरेट जगत में आमतौर पर SUUTI के नाम से जाना जाता है।
CNBC-Awaaz ने रिपोर्ट में यह भी बताया कि इस विनिवेश प्रक्रिया से मिली पूरी रकम सरकार को आवंटित की जाएगी। ऑफर के पहले दिन, 10 नवंबर को सिर्फ नॉन-रिटेल निवेशकों को ही बोली लगाने की इजाजत होगी। रिटेल निवेशकों को सिर्फ शुक्रवार 11 नवंबर को ही बोली जमा करने की इजाजत मिलेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक ICICI सिक्योरटीज, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया और मॉर्गन स्टैनली इंडिया को इस ब्लॉक डील के लिए ब्रोकर नियुक्त किया गया है।
एक हफ्ते पहले, अमेरिका की दिग्गज प्राइवेट इक्विटी फर्म बेन कैपिटल (Bain Capital) ने भी एक्सिस बैंक में अपनी 0.54 फीसदी हिस्सेदारी को 1,487 करोड़ रुपये में बेचा था।
Axis Bank ने कुछ ही दिनों पहले ही सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। बैंक ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 70 फीसदी बढ़कर 5,330 करोड़ रुपये रहा। प्राइवेट सेक्टर के इस बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सितंबर तिमाही में 31 फीसदी बढ़कर 10,360.3 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका नेट इंटरेस्ट मार्जिन 0.57 फीसदी बढ़कर 3.96 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
Axis Bank के शेयर इस साल 33% लुढ़के
इस बीच एक्सिस बैंक के शेयर आज NSE पर 0.26% गिरकर 870.70 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 12.08 फीसदी की तेजी आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक इसके शेयर अपने निवेशकों को 25.04 फीसदी का रिटर्न दे चुके हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।