Gujarat Listed State PSUs: गुजरात सरकार की नई पीएसयू नीति ने राज्य की स्टेट पीएसयू के शेयरों की खरीदारी बढ़ा दी है। इसके चलते शेयर 20 फीसदी तक उछल कर अपर सर्किट पर पहुंच गए हैं। बता दें कि गुजरात सरकार ने आज अपनी पीएसयू पॉलिसी में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत लिस्टेड समेत सभी पीएसयू को एक मुनाफे और नेटवर्थ का एक लेवल पार करने के बाद डिविडेंड और बोनस शेयर बांटना ही होगा। इसके अलावा शेयर बायबैक और स्टॉक स्प्लिट का भी प्रावधान फिक्स कर दिया गया है। गुजरात में 63 पीएसयू हैं जिसमें से सात घरेलू मार्केट में लिस्ट हैं।
Gujarat Listed State PSUs में शानदार तेजी
गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (Gujarat Mineral Development Corporation-GMDC) के शेयर 19.98 फीसदी के उछाल के साथ 159.75 रुपये पर अपर सर्किट पर पहुंच गए। गुजरात नर्मदा वैली फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स (Gujarat Narmada Valley Fertilizers & Chemicals- GNFC) के शेयर 8.74 फीसदी के उछाल के साथ 577.35 रुपये पर पहुंच गए। इंट्रा-डे में यह 580.80 रुपये पर पहुंच गया था। गुजरात एल्कलीज एंड केमिकल्स (Gujarat Alkalies and Chemicals-GAC) के शेयर 13.61 फीसदी मजबूत होकर 711.65 रुपये पर पहुंच गए और इंट्रा-डे में यह 718.15 रुपये पर पहुंच गया था।
गुजरात स्टेट पेट्रोनेट (Gujarat State Petronet-GSP) की बात करें तो यह 10.42 फीसदी उछलकर 293.35 रुपये पर पहुंच गया। इसके अलावा गुजरात स्टेट फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स (Gujarat State Fertilizers & Chemicals-GSFC) भी 18.74 फीसदी चढ़कर 151.70 रुपये पर पहुंच गया। गुजरात इंडस्ट्रीज पावर सप्लाई (Gujarat Industries Power Company Ltd-GIPCL) 20 फीसदी के उछाल के साथ 91.33 रुपये के अपर सर्किट पर है। वहीं गुजरात गैस (Gujarat Gas) 1.63 की तेजी के साथ 465 रुपये पर है।
Gujarat New PSU Policy की क्या है खास बातें
गुजरात की पीएसयू कंपनियों को अब नेट प्रॉफिट का 30 फीसदी या नेटवर्थ का 5 फीसदी, इसमें जो भी अधिक हो, उतना कम से कम डिविडेंड में बांटना होगा। इसके अलावा न्यूनतम 2 हजार करोड़ के नेटवर्थ और कम से कम 1 हजार करोड़ रुपये की नगदी हो तो शेयर बायबैक करना होगा। वहीं पेडअप कैपिटल का 10 गुना सरप्लस या रिजर्व होने पर बोनस बांटना होगा। इसके अलावा अगर इसकी वैल्यू एक रुपये से अधिक फेस वैल्यू वाले शेयरों का भाव या बुक वैल्यू 50 गुना ज्यादा हो जाए तो इसे तोड़ना या स्टॉक स्प्लिट करना होगा।