HAL Share Price: जीई ऐरोस्पेस ने हिंदुस्तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को तेजस एमके1ए लड़ाकू विमानों के लिए F404-IN20 इंजनों की डिलीवरी शुरू कर दी है। एचएएल ने 99 इंजनों का ऑर्डर दिया था और जीई ऐरोस्पेस ने पहला इंजन डिलीवर कर दिया है। जीई ऐरोस्पेस के इस ऐलान पर एचएएल के शेयर आज टूटते मार्केट में भी रॉकेट बन गए। आज बीएसई पर यह 2.91 फीसदी की बढ़त के साथ 4127.90 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.31 फीसदी के उछाल के साथ 4184.10 रुपये के भाव तक पहुंच गया था।
40 साल पुराना है HAL और GE Aerospace का साथ
जीई ऐरोस्पेस ने अपने बयान में पहले F404-IN20 इंजन की डिलीवरी को एचएएल के साथ 40 साल पुरानी साझेदारी में अहम माइलस्टोन कहा। दोनों के बीच पिछले सदी में 80 के दशक के साथ साझेदारी है, जब जीई ऐरोस्पेस ने ऐरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के साथ साझेदारी की थी। वर्ष 2004 में सिंगल इंजन वाले तेजस के लिए F404-IN20 इंजन को चुना गया और यह भारत और जीई ऐरोस्पेस, दोनों के लिए अहम माइलस्टोन माना गया। मिलिट्री एविएशन हिस्ट्री में F404 इंजन फैमिली सबसे सफल इंजन में शुमार है जिसने दुनिया के हजारों लड़ाकू विमानों को ताकत दी है।
F404-IN20 को खास तौर से भारत के तेजस के लिए डिजाइन किया गया था। भारतीय एयरफोर्स की जरूरतों के मुताबिक जीई ऐरोस्पेस और तेजस की प्रोग्राम टीम ने वर्षों साथ मिलकर इस पर काम किया। इसने अपनी क्षमता भी वर्ष 2008 में तब साबित कर दी जब तेजस एलसीए ने अपने पहले परीक्षण उड़ान में सफलता हासिल की। वर्ष 2016 में जीई ऐरोस्पेस ने एचएएल को तेजस एलसीए के लिए 65 F404-IN20 इंजन सप्लाई कर दी। चूंकि अब कोई और ऑर्डर नहीं था तो F404-IN20 का प्रोडक्शन बंद कर दिया गया। हालांकि वर्ष 2021 में फिर से एचएएल ने Tejas Mk1A LCA के लिए 99 इंजन का ऑर्डर दिया तो फिर से इसकी प्रोडक्शन शुरू हुआ और अब पहला इंजन डिलीवर भी हो गया है।
शेयरों को लेकर क्या है ब्रोकरेज का रुझान?
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने 4,715 रुपये प्रति शेयर टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। जेफरीज का कहना है कि इंजनों की डिलीवरी से इस बात का भरोसा बना है कि एमके1ए की डिलीवरी वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही से ट्रैक पर आ जाएगी और 97 अतिरिक्त एमके1ए विमानों पर काम में कोई अड़चन नहीं आएगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।