प्राइवेट सेक्टर के HDFC Bank का शेयर आगे चलकर 33 प्रतिशत तक का उछाल देख सकता है। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद ज्यादातर ब्रोकरेज शेयर पर पॉजिटिव बने हुए हैं। शेयर को 48 एनालिस्ट कवर करते हैं। इनमें से 46 ने यानि कि लगभग 96 प्रतिशत ब्रोकरेज ने 'बाय' रेटिंग दी हुई है। बाकी 2 ने 'होल्ड' की सलाह दी है।
HDFC Bank का दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 18653.75 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 16735.50 करोड़ रुपये से 11.4 प्रतिशत ज्यादा है। शुद्ध ब्याज आय (NII) एक साल पहले से 6.3 प्रतिशत बढ़कर 32615 करोड़ रुपये हो गई। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 30653 करोड़ रुपये थी। नेट इंटरेस्ट मार्जिन 3.51 प्रतिशत रहा।
दिसंबर 2025 तिमाही में बैंक का ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो 1.24 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 1.42 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी सालाना आधार पर कम होकर 0.42 प्रतिशत रहा। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 0.46 प्रतिशत था।
प्रमुख ब्रोकरेजेज की HDFC Bank के लिए रेटिंग
HDFC Bank के शेयर के लिए CLSA ने ₹1,200 के टारगेट प्राइस के साथ 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने कहा है कि Q3 का प्रॉफिट, अनुमान से 5% ज्यादा रहा। लेबर कोड के असर और ट्रेजरी गेन जैसे नॉन-कोर आइटम को एडजस्ट करने के बाद CLSA ने कहा कि कोर ऑपरेटिंग प्रॉफिट अनुमान से 2% ज्यादा था। डिपॉजिट सालाना आधार पर 12% बढ़े। औसत CASA ग्रोथ में सुधार हुआ।
बर्नस्टीन ने ₹1,200 के टारगेट प्राइस के साथ शेयर पर 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है। कहा है कि बैंक लगातार और स्थिर कमाई में बढ़ोतरी करके अपनी प्रतिष्ठा फिर से बना रहा है। जेफरीज ने ₹1,240 के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' रेटिंग दोहराई है। ब्रोकरेज ने 12% की डिपॉजिट ग्रोथ को चिंता का विषय बताया है। हालांकि मैनेजमेंट ने साफ किया कि उसने मार्जिन में सुधार के लिए ज्यादा लागत वाले डिपॉजिट्स को जानबूझकर जाने दिया। उम्मीद है कि ग्रोथ में बढ़ोतरी होगी। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने ₹1,050 के टारगेट प्राइस के साथ 'ऐड' रेटिंग बनाए रखी है।
2 से 3 सालों में सुधरेगा मार्जिन
दिसंबर 2025 तिमाही में HDFC Bank के प्रोविजन उम्मीद से कम रहे। एक बड़े कर्जदार ग्रुप की ओर से कुछ शर्तों को पूरा किए जाने के बाद ₹1040 करोड़ के कंटिंजेंट प्रोविजन जारी किए गए। कंटिंजेंट प्रोविजन जारी होने के कारण कैलकुलेटेड क्रेडिट कॉस्ट तिमाही-दर-तिमाही आधार पर कम होकर लगभग 41 बेसिस पॉइंट रह गई। हालांकि एडजस्टेड बेसिस पर, क्रेडिट कॉस्ट मोटे तौर पर 55 बेसिस पॉइंट्स की उम्मीदों के मुताबिक थी। बैंक के मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2026 के अंत तक लगभग 95% का लोन-टू-डिपॉजिट रेशियो हासिल करने का भरोसा एक बार फिर जताया है। अर्निंग्स कॉल के दौरान, मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2027 में सिस्टम क्रेडिट ग्रोथ 12-13 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। कहा है कि लक्ष्य सिस्टम से 1-2 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन करने का है। यह भी कहा कि अगले 2 से 3 सालों में मार्जिन में सुधार की स्पष्ट संभावना है।
19 जनवरी को HDFC Bank के शेयर में पहले तेजी और बाद में गिरावट दिखी। BSE पर शेयर बढ़त में खुलने के बाद पिछले बंद भाव से 0.81 प्रतिशत तक उछलकर 938.75 रुपये के हाई तक गया। फिर 1.2 प्रतिशत तक गिरकर 919.45 रुपये के लो तक आया। बाद में शेयर 0.38 प्रतिशत गिरावट के साथ 927.60 रुपये पर बंद हुआ। बैंक का मार्केट कैप 14.27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।