निजी सेक्टर की दिग्गज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस (HDFC Life Insurance) के लिए जून तिमाही मिली-जुली रही। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 15 फीसदी उछलकर 361 करोड़ रुपये से 415 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि एनुअलाइज्ड प्रीमियम इक्विवैलेंट (APE) उम्मीद से कम रही जिसके कारण शेयरों को झटका लगा। इसके अलावा कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में शेयर और फिसल गए। इंट्रा-डे में बीएसई पर यह 4 फीसदी से अधिक टूटकर 633.65 रुपये तक आ गया था। हालांकि फिर इसने रिकवरी की और दिन के आखिरी में आज यह 2.18 फीसदी की गिरावट के साथ 647.25 रुपये के भाव (HDFC Life Insurance Share Price) पर बंद हुआ है।
HDFC Life Insurance के लिए कैसी रही जून तिमाही
जून तिमाही में एचडीएफसी लाइफ का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15 फीसदी उछलकर 415 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी दौरान प्रीमियम से इसकी नेट इनकम भी 16.5 फीसदी चढ़कर 11479 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। वहीं जून तिमाही में इसका एपीआई 2328 करोड़ रुपये रहा जो मार्केट की उम्मीदों से थोड़ा कम रहा। एनुअलाइज्ड प्रीमियम इक्विवैलेंट का मतलब किसी समय में बीमा कंपनी को कितना नया प्रीमियम मिला, इसका आकंड़ा है। इसमें रेगुलर या रिकरिंग प्रीमियम की पूरी वैल्यू ली जाती है लेकिन सिंगल प्रीमियम का 10 फीसदी ही।
पिछले हफ्ते 13 जुलाई को एचडीएफसी लाइफ के शेयर एक साल के हाई 690.90 रुपये पर थे। 16 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 457.95 रुपये पर था जिसके बाद चार महीने में यह 51 फीसदी उछलकर एक साल के हाई पर पहुंचा था। हालांकि यह हाई लेवल कायम नहीं रह सका और इस लेवल से फिलहाल यह 6 फीसदी से भी ज्यादा नीचे है। इसके शेयर आईपीओ निवेशकों को 290 रुपये में जारी हुए थे और घरेलू मार्केट में इसकी एंट्री 17 नवंबर 2017 को हुई थी।