Metal Stocks: गिरते बाजार में भी 6% तक उछले ये तीन मेटल स्टॉक्स, आखिर क्या है वजह?

Metal Stocks: मेटल कंपनियों के शेयरों में सोमवार 30 मार्च को अच्छी तेजी देखने को मिली। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, नेशनल एल्युमिनियम कंपनी (NALCO) और वेदांता के शेयरों में 3% से लेकर 6% तक की तेजी दर्ज की गई। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह ग्लोबल मार्केट में एल्युमिनियम की कीमतों में आई तेज बढ़त रही, जो वेस्ट एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण देखने को मिली

अपडेटेड Mar 30, 2026 पर 2:57 PM
Story continues below Advertisement
Metal Stocks: एल्युमिनियम की कीमतों में तेजी का सीधा फायदा भारत की मेटल कंपनियों को मिलता है

Metal Stocks: मेटल कंपनियों के शेयरों में सोमवार 30 मार्च को अच्छी तेजी देखने को मिली। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, नेशनल एल्युमिनियम कंपनी (NALCO) और वेदांता के शेयरों में 3% से लेकर 6% तक की तेजी दर्ज की गई। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह ग्लोबल मार्केट में एल्युमिनियम की कीमतों में आई तेज बढ़त रही, जो वेस्ट एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण देखने को मिली।

लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) पर एल्युमिनियम की कीमतें शुरुआती कारोबार में करीब 6% तक उछलकर 3,492 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गईं। यह तेजी ऐसे समय आई है जब ईरान की ओर से मिडिल ईस्ट देशों के प्रमुख उत्पादन केंद्रों पर किए गए हमलों के बाद सप्लाई को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं।

ग्लोबल एल्युमिनियम उत्पादन का लगभग 9-10% हिस्सा वेस्ट एशिया से आता है, इसलिए यहां किसी भी तरह की रुकावट का असर सीधे ग्लोबल कीमतों पर पड़ता है।


उत्पादन केंद्रों को नुकसान, सप्लाई पर खतरा

मिडिल ईस्ट की सबसे बड़ी एल्युमिनियम उत्पादक कंपनी, एमिरेट्स ग्लोबल एल्युमिनियम (EGA) ने अबू धाबी स्थित अपने प्लांट में “भारी नुकसान” की पुष्टि की है। वहीं 'एल्युमिनियम बहरीन' ने भी अपने प्लांट में नुकसान का आकलन शुरू किया है। हालांकि, दोनों कंपनियों ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हुआ है या नहीं।

EGA के अल तवीलाह स्मेल्टर ने 2025 में करीब 1.6 मिलियन टन एल्युमिनियम का उत्पादन किया। कंपनी ने अब तक ऑफशोर इन्वेंट्री के जरिए कस्टमर की डिमांड पूरी की है।

पहले से ही टाइट सप्लाई, अब बढ़ा दबाव

मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक, वेस्ट एशिया में पहले से ही सप्लाई दबाव में थी। कतर के कतालुम और एल्युमिनियम बहरीन में हालिया उत्पादन कटौती ने बाजार को पहले ही टाइट बना दिया था। अब जंग की वजह से 2026 तक सप्लाई बाधित रहने का खतरा बढ़ गया है, जिससे कीमतों में और तेजी आ सकती है।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर असर

सप्लाई संकट को और बढ़ाने वाला एक बड़ा कारण होर्मुज समुद्री मार्ग में आई रुकावट है। यह दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा माल और एनर्जी प्रोडक्ट गुजरते हैं। यहां लॉजिस्टिक बाधाएं बढ़ने से एल्युमिनियम की ढुलाई भी प्रभावित हो रही है, जिससे ग्लोबल बाजार में अनिश्चितता और बढ़ गई है।

निवेशकों का रुख: मेटल स्टॉक्स बने पसंदीदा

एल्युमिनियम की कीमतों में तेजी का सीधा फायदा भारत की मेटल कंपनियों को मिलता है, क्योंकि उनकी कमाई ग्लोबल कीमतों से जुड़ी होती है। इसी कारण निवेशकों ने तेजी से मेटल शेयरों में खरीदारी की, जिससे हिंडाल्कों, NALCL और वेदांता के शेयरों में तेज उछाल देखा गया। सुबह करीब 10:40 बजे तक ये सभी शेयर 3% से 6% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

एल्युमिनियम एक अहम औद्योगिक धातु है, जिसका उपयोग ऑटोमोबाइल, एविएशन, कंस्ट्रक्शन और सोलर एनर्जी जैसे सेक्टरों में बड़े पैमाने पर होता है। इसलिए इसकी कीमतों में तेजी से इन सेक्टरों की लागत भी बढ़ सकती है, जिससे आगे चलकर महंगाई और कॉरपोरेट मार्जिन पर असर पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- Share Market Crash: शेयर बाजार में इन 5 कारणों से भूचाल; सेंसेक्स 1,350 अंक टूटा, निफ्टी 22,450 के नीचे

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।