Hindalco Share price : सोमवार के शुरुआती कारोबार सत्र में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries) के शेयर करीब 2 फीसदी गिर गए और Nifty में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में शामिल रहे। तिमाही आधार पर कंपनी के चौथी तिमाही के कमजोर नतीजों ने स्टॉक पर दबाव बनाया है। चौथी तिमाही में तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 51 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। कंपनी का मुनाफा बाजार के अनुमान से काफी कम रहा है। मुनाफे में आई इस गिरावट ने कंपनी के एल्युमीनियम कारोबार में उम्मीद से बेहतर रहे कामकाजी प्रदर्शन को फीका कर दिया है। हालांकि सालाना आधार पर कंपनी ने काफी शानदार नतीजे पेश किए हैं। सालाना आधार पर प्रॉफिट करीब 90 फीसदी बढ़ा है। रेवेन्यू में भी 35 फीसदी से ज्यादा का जंप देखने को मिला है। कंपनी के मार्जिन भी बेहतर रहे हैं
तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में गिरावट की मुख्य वजह नोवेलिस (Novelis) में आग से जुड़ी दिक्कत और टैरिफ से जुड़ी चुनौतियां रही। नोवेलिस कंपनी की उत्तर अमेरिका स्थित कारोबारी इकाई है। कंपनी के बोर्ड ने FY26 के लिए प्रति शेयर 5 रुपये के अंतिम डिविडेंड की सिफारिश की है। कंपनी ने शुक्रवार को बाज़ार बंद होने के बाद अपने नतीजे घोषित किए थे। शुक्रवार को यह शेयर लगभग 1 फीसदी की बढ़त के साथ 1,109.2 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ था।
दोपहर 1 बजे के आसपास NSE पर यह स्टॉक 23.40 रुपए यानी 2.11 फीसदी की गिरावट के साथ 1086 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा था। जबकि बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी में लगभग 1 फीसदी की तेजी दिख रही थी। आज का इसका दिन का हाई 1,119.80 रुपए और दिन का लो 1,081.20 रुपए है। स्टॉक का 52 वीक हाई 1,119.80 रुपए और 52 वीक लो 618 रुपए है।
कंपनी को नतीजों और फ्यूचर आउटलुक पर चर्चा करते हुए कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सतीश पई ने कहा कि Q4 अब तक की सबसे बेहतरीन तिमाही रही है। एल्युमीनियम अपस्ट्रीम बिजनेस का योगदान सबसे ज्यादा रहा है। कॉपर बिजनेस का प्रदर्शन मजबूत रहा है। नोवेलिस बिजनेस भी अनुमान से बेहतर रहा है। ईरान वॉर के चलते एल्युमीनियम सप्लाई पर असर पड़ा है। Q1 में मुनाफा और प्रदर्शन और बेहतर रह सकता है। जून में OSWEGO प्लांट फिर से चालू होगा। OSWEGO प्लांट नोवेलिस के लिए बेहद अहम है। दिसंबर तक BAY MINETTE प्लांट कमीशन होगा।
हिंडाल्को का 1200 करोड़ रुपए का कैपेक्स प्लान है। नोवेलिस के नेट डेट-टू-EBITDA में हल्की बढ़त संभव है। अगले साल तक BAY MINETTE कैपेक्स का यूटिलाइजेशन संभव है। आदित्य एल्युमीनियम प्लांट का क्षमता विस्तार 2 चरणों में होगा। पहला चरण दिसंबर 2027 तक पूरा होगा। दूसरा चरण दिसंबर 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। आगे वॉल्यूम बढ़ोतरी और क्षमता विस्तार पर फोकस होगा। हिंडाल्को के पास कैश पॉजिटव है। फिलहाल पैसे जुटाने का प्लान नहीं है।
मार्केट एक्सपर्ट इस स्टॉक के आउटलुक को लेकर बंटे हुए नजर आ रहे हैं। ब्रोकरेज फर्मों का कहना है कि कंपनी का कामकाजी प्रदर्शन प्रमुख सेगमेंट्स में उम्मीद से कहीं ज्यादा मज़बूत रहा है। सिटी (Citi) ने हिंडाल्को (Hindalco) के शेयरों पर अपनी 'Neutral' रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 1,170 रुपये प्रति शेयर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी का तिमाही EBITDA अनुमान से ज़्यादा रहा है। इसका श्रेय सभी बिजनेस वर्टिकल्स में मज़बूत परफॉर्मेंस को जाता है। ब्रोकरेज ने कहा कि हिंडाल्को के भारत स्थित अपस्ट्रीम एल्युमीनियम ऑपरेशंस और नोवालिस ने लगातार हो रहे सुधार में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, प्रति टन एल्युमीनियम EBITDA में बढ़ोतरी हुई है और इसमें आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है।
Citi का अनुमान है कि FY27 में कर्ज अपने चरम पर पहुंचने के बाद कम होना शुरू हो जाएगा,लेकिन उसने यह भी कहा है कि लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) में एल्युमीनियम की मौजूदा कीमतों में बढ़ोतरी की सीमित गुंजाइश होने के कारण,इस स्टॉक की री-रेटिंग की संभावना भी सीमित हो जाती है।
इस स्टॉक पर HSBC का नजरिया ज्यादा पॉजिटिव है। उसने अपनी 'Buy'रेटिंग और प्रति शेयर 1,430 रुपये के टारगेट प्राइस को दोहराते हुए कहा है कि एल्युमीनियम EBITDA में तिमाही-दर-तिमाही 13 फीसदी के सुधार से कंपनी का बिज़नेस आउटलुक मजबूत बना हुआ है। HSBC ने अपने EBITDA अनुमानों को भी 2-6 फीसदी तक बढ़ाया है और साथ ही यह भी कहा कि FY26 के दौरान कर्ज में हुई बढ़ोतरी कुछ खास वजहों से थी। FY27 से इसमें फिर से कमी आनी चाहिए।
कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज़ ने 'रिड्यूस' रेटिंग और 1,100 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ इस स्टॉक पर अपना सतर्क रुख बनाए रखा है। ब्रोकरेज ने एल्युमीनियम और कॉपर दोनों डिवीजनों में EBITDA के अनुमान से बेहतर प्रदर्शन को अच्छा माना है। लेकिन,मध्यम अवधि में काम को पूरा करने से जुड़े जोखिमों की ओर इशारा किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि न्यूयॉर्क में ओस्वेगो प्लांट के बंद होने से नोवेलिस के प्रदर्शन पर असर पड़ा है। हालांकि FY27 की दूसरी छमाही तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। कोटक ने आगे कहा कि LME एल्युमीनियम की ऊंची कीमतें मार्जिन को सपोर्ट देंगी,हालांकि इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण इस फायदे का कुछ हिस्सा कम हो सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।