Hindustan Zinc Shares: हिंदुस्तान जिंक के बोर्ड ने कॉरपोरेट रिस्ट्रक्चर पर विचार करने का फैसला किया है। इस खबर के बाद शुक्रवार 29 सितंबर हिंदुस्तान जिंक के शेयर करीब 6% उछल गए। कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसके बोर्ड ने ग्रोथ की नई संभावनाओं की तलाश के लिए कॉरपोरेट रिस्ट्रक्चर पर विचार करने का फैसला किया है। इस कॉरपोरेट रिस्ट्रक्चरिंग के तहत कंपनी अपने जिंक, लेड, सिल्वर और रिसाइकिलिंग बिजनेस को अलग कर नई कंपनी बनाने पर विचार करेगी।
इस संभावित रिस्ट्रक्चर के जरिए कंपनी ऐसे बिजनेसों को खड़ा करना चाहती है, जो शेयरधारकों के लिए बेहतर वैल्यू बना सकें। साथ ही बाजार में अपनी खास स्थिति को बेहतर तरीके से भुना सकें और लंबी अवधि के लिए ग्रोथ दे सके। इसके साथ ही, रिस्ट्रक्चर का लक्ष्य प्रत्येक बिजनेस के लिए अलग से एक उपयुक्त कैपिटल स्ट्रक्चर और कैपिटल अलोकेशन भी तैयार करना होगा।
कंपनी संभावित रिस्ट्रक्चर की योजनाओं का मूल्यांकन करने के लिए बाहरी एडवाइजर्स को भी नियुक्ति करेगी।
इस खबर के बाद हिंदुस्तान जिंक के शेयर 6 फीसदी बढ़कर 317.50 रुपये के आज के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। दोपहर 2 बजे खबर लिखे जाने के समय हिंदुस्तान जिंक के शेयर 5.25 फीसदी चढ़कर 313.60 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
काउंटर पर वॉल्यूम भी बढ़ना शुरू हो गया है क्योंकि अब तक 12 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ है, जो पिछले एक महीने के डेली औसत 4 लाख शेयरों से काफी अधिक है।
वेदांता के शेयरों में भी तेजी
सिर्फ हिंदुस्तान जिंक ही नहीं, बल्कि इस खबर के बाद वेदांता के शेयरों में भी शुक्रवार को जोरदार तेजी आई और यह करीब 7 फीसदी चढ़ गया। हिंदुस्तान जिंक की करीब 65 फीसदी हिस्सेदारी वेदांता के पास है। इस शानदार तेजी से न सिर्फ वेदांता के शेयरों में पिछले 7 दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला तोड़ने में मदद मिली, बल्कि 2023 में इसमें किसी एक दिन में आई यह अबतक की सबसे बड़ी उछाल है।