Abbott India : फार्मास्युटिकल कंपनी एबट इंडिया (Abbott India) ने ऐलान किया कि उसके बोर्ड ने मार्च, 2022 में समाप्त वित्त वर्ष के लिए प्रति शेयर 145 रुपये के फाइनल डिविडेंट और 130 रुपये के स्पेशल डिविडेंड के भुगतान को मंजूरी दे दी है। मेंबर्स से मंजूरी मिलने पर फाइनल डिविडेंड का भुगतान 17 अगस्त, 2022 को या उसके बाद कर दिया जाएगा।
10 अगस्त को होगी एजीएम की मीटिंग
कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया, “एबट इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 17 मई, 2022 को हुई अपनी मीटिंग में 31 मार्च, 2022 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रति इक्विटी शेयर पर 145 रुपये के फाइनल डिविडेंड और 130 रुपये के स्पेशल डिविडेंड के भुगतान को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसके लिए 10 अगस्त, 2022 को होने वाली एनुअल जनरल मीटिंग में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेनी होगी।”
मार्च तिमाही में 39 फीसदी बढ़ा प्रॉफिट
वहीं मार्च, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 39 फीसदी बढ़कर 211 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बीते साल समान तिमाही में 152 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया था।
ऑपरेशंस से उसका रेवेन्यू बढ़कर 1,255 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,096 करोड़ रुपये था। 31 मार्च, 2022 को समाप्त वर्ष के दौरान कंपनी ने 799 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि वित्त वर्ष 21 में यह आंकड़ा 691 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, इस दौरान ऑपरेशंस से रेवेन्यू 4,310 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,919 करोड़ रुपये हो गया।