Adani Enterprises FPO opens today : अडानी एंटरप्राइजेस का फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) सब्सक्रिप्शन के लिए शुक्रवार, 27 जनवरी को खुल गया है और यह 31 जनवरी को बंद हो जाएगा। इसके लिए 3,112-3,276 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। FPO में रिटेल शेयरहोल्डर्स को 35 फीसदी रिजर्वेशन है और 64 रुपये प्रति शेयर का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इनवेस्टर्स कम से कम 4 शेयरों की लॉट और उसके बाद 4 के मल्टीपल में बिड लगा सकते हैं। अडानी ग्रुप की कंपनी (Adani Group company) भारतीय कैपिटल मार्केट के इतिहास के अभी तक के सबसे बड़े एफपीओ के जरिये 20,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना पर काम कर रही है।
इस फंड को ग्रीन हाइड्रोजन इकोसिस्टम के प्रोजेक्ट्स, कुछ मौजूदा एयरपोर्ट में सुधार और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में इस्तेमाल किया जाएगा। 25 जनवरी को कंपनी ने कहा कि उसने एंकर इनवेस्टर्स से लगभग 6,000 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट के हेड (इक्विटी मार्केट) गिरीश सोदानी ने कहा, “रिटेल इनवेस्टर्स के लिए यह सस्ती कीमत पर अडानी एंटरप्राइजेस के स्टॉक्स खरीदने का एक अच्छा मौका है। अतीत में इसका प्रदर्शन खासा अच्छा रहा है। कंपनी तेजी से नए बिजनेस में उतर रही है और अपने बिजनेस को आगे बढ़ा रही है।”
उन्होंने कहा, “यह कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजों से भी जाहिर होता है, जब उसका प्रॉफिट दोगुना से ज्यादा बढ़कर 460.94 करोड़ रुपये हो गया।”
आसित सी. मेहता फाइनेंशियल सर्विसेज ने भी इश्यू के लिए ‘सब्सक्राइब’ रेटिंग दी है। इसकी रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी एंटरप्राइजेस घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय अवसरों के लिए पूंजी जुटाने के लिहाज से अच्छी स्थिति में है। वित्तीय मोर्चे पर वित्त वर्ष 2019-22 के दौरान उसकी टॉपलाइन ग्रोथ 20 फीसदी सीएजीआर दर से बढ़ी है।
आशिका रिसर्च ने कहा कि वित्त वर्ष 18-21 के दौरान कंपना का औसत रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 5 फीसदी बना हुआ है। उसने कहा, “इसलिए हम इनवेस्टर्स को एक राष्ट्र निर्माता समूह के रूप में एफपीओ में सब्सक्राइब करने की सलाह देते हैं। कंपनी नए सेक्टर्स में कदम रख रही है, जहां ग्रोथ की भरपूर संभावनाएं हैं।”
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।