Adani Enterprises FPO : अडानी एंटरप्राइजेस ने अपने एफपीओ के लिए एंकर इनवेस्टर्स से लगभग 6,000 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। अडानी ग्रुप की कंपनी ने बुधवार, 25 जनवरी को कहा कि पब्लिक के लिए एफपीओ (FPO) खुलने से पहले उसने एंकर इनवेस्टर्स से 2,992.4 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं, जो लॉन्च हुई कुल एंकर बुक का आधा है। बाकी धनराशि का एंकर इनवेस्टर्स द्वारा बाद में एक या कई बार में भुगतान किया जाएगा। कंपनी ने 3,276 रुपये प्रति शेयर के ऑफर प्राइस पर 1.82 करोड़ शेयरों की अपनी एंकर बुक खोली थी, जो कुल 5,984.9 करोड़ रुपये की है।
इनवेस्टर्स ने आधी धनराशि का किया भुगतान
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की एफपीओ कमेटी ने मर्चेंट बैंकर्स के साथ परामर्श के बाद एंकर इनवेस्टर्स को 1.82 करोड़ इक्विटी शेयरों के अलोकेशन को अंतिम रूप दे दिया है। यह 3,276 रुपये प्रति शेयर पर किया गया है, जिसके लिए एंकर इवेस्टर्स ने एप्लीकेशन बिड अमाउंट 1,638 रुपये प्रति शेयर का भुगतान किया है।”
अडानी एंटरप्राइजेस ने कहा कि एंकर इनवेस्टर्स बाकी 1,638 रुपये प्रति शेयर की धनराशि और कुल धनराशि 2,992.4 करोड़ रुपये का भुगतान एक या ज्यादा बार में करेंगे।
इन दिग्गज इनवेस्टर्स ने किया निवेश
एंकर बुक के लिए मेबैंक सिक्योरिटीज, अबूधाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, एबीएस डायरेक्ट इक्विटी फंड- इंडिया सीरीज, बीएनपी पारिबा आर्बिट्रेज, सोसायटे जनरली, ज्यूपिटर इंडिया फंड, गोल्डमैन सैक्स, मॉर्गन स्टैनली एशिया (सिंगापुर), नॉमुरा सिंगापुर, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरिशस, कोहेसन एमके बेस्ट आइडियाज सबट्रस्ट, बोफा सिक्योरिटीज यूरोप एसए और डोवडेटल इंडिया फंड क्लास 6 सहित 33 इनवेस्टर्स ने भाग लिया था।
इसके साथ ही, इसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉइज पेंशन फंड, लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, बेलग्रेव इनवेस्टमेंट फंड, ऑथुम इनवेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर, आयुष्मत, कोएस ग्लोबल अपॉर्च्युनिटी फंड, एविएटर ग्लोबल इनवेस्टमेंट फंड और तारा इमर्जिंग एशिया लिक्विड फंड ने भी एंकर बुक के जरिये निवेश किया है।
ऑफर प्राइस को कब मिलेगी मंजूरी
ऑफर प्राइस को मंजूरी देने के लिए एफपीओ कमेटी की मीटिंग 1 फरवरी को होनी है। Adani Enterprises का एफपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 27 जनवरी को खुलेगा और 31 जनवरी को बंद होगा। प्राइस बैंड 3,112-3,276 रुपये प्रति शेयर है। अडानी ग्रुप की एफपीओ के जरिये 20,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।