Bajaj Finance Share price : कंज्यूमर फाइनेंस कंपनी बजाज फाइनेंस के शेयर गुरुवार, 5 जनवरी को बीएसई पर इंट्राडे में 8 फीसदी से ज्यादा कमजोर होकर 6,032.25 रुपये के स्तर पर आ गए। दरअसल, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी की कमजोर एयूएम (assets under management) ग्रोथ ने बाजार को निराश किया है। Bajaj Finance दिसंबर, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान एयूएम बढ़कर 2.3 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1.8 लाख करोड़ रुपये के आसपास था। हालांकि, तिमाही वार एयूएम में सिर्फ 12,500 करोड़ रुपये यानी 5.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूर्वाह्न 11 बजे शेयर 7 फीसदी कमजोर होकर 6,112 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
सीएलएसए ने दी बिकवाली की सलाह
ब्रोकिंग फर्म सीएलएसए (CLSA) ने बजाज फाइनेंस के शेयर के लिए 6,000 रुपये के टारगेट के साथ बिकवाली की सलाह दी है। विदेशी ब्रोकरेज ने कहा, तीसरी तिमाही में एयूएम ग्रोथ हमारे 7.5 फीसदी के तिमाही वार अनुमान से 200 बेसिस प्वाइंट कम रही है। आम तौर पर त्योहारों के कारण तीसरी तिमाही मजबूत रहती है, इसलिए या तो उस पर दूसरी तिमाही का असर दिखा है या उसने अपना कुछ मार्केट शेयर गंवा दिया है।
मोतीलाल ओसवाल ने क्या कहा
घरेलू ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal Financial Services) ने भी कहा कि एयूएम ग्रोथ उसके अनुमान से कम रही है। ब्रोकरेज ने कहा, कैपिटल एडिक्वेसी रेश्यो (सीआरएआर) तिमाही आधार पर 25.1 फीसदी के स्तर पर फ्लैट रहा है, जिससे कमजोर ग्रोथ और पूंजी के कम इस्तेमाल का पता चलता है। ब्रोकरेज ने कंपनी के लिए ‘Buy’ रेटिंग दी है।
कस्टमर फ्रेंचाइजी में तिमाही आधार पर सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
बिजनेस अपडेट के मुताबिक, कंपनी ने दिसंबर तिमाही में अपनी कस्टमर फ्रेंचाइजी में तिमाही वार सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की है। तिमाही के दौरान कस्टमर फ्रेंचाइजी में 31 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिसंबर 2022 के अंत में फाइनेंस कंपनी की कस्टमर फ्रेंचाइजी 6.6 करोड़ थी, जबकि एक साल पहले समान तिमाही में 5.54 करोड़ के स्तर पर रही थी।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।