BSE bonus issue record date next week: स्टॉक एक्सचेंज बीएसई (BSE) के बोनस शेयरों की रिकॉर्ड डेट 22 मार्च 2022 तय की गई है। इस तीथि तक जिसके पास बीएसई के शेयर होंगे उन शेयर धारकों को बोनस शेयरों का आवंटन किया जाएगा। इस बोनस इश्यू के तहत 2 रुपये अंकित मूल्य के प्रतिपूर्ण चुकता इक्विटी शेयरों पर 2 नए पूर्ण चुकता इक्विटी शेयर जारी किए जाएगे।
बता दें कि BSE की बोर्ड मीटिंग 8 फरवरी 2022 को हुई थी जिसमें 31 दिसंबर 2021 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणामों को मंजूरी देने के साथ ही बोनस इश्यू जारी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई थी।
गौरतलब है कि कोई भी कंपनी अपने शेयरों में लिक्विटिडी बढ़ाने और निवेशकों के लिए अपने शेयरों को सस्ता बनाने के लिए बोनस शेयर जारी करती है। बोनस शेयर पूर्ण चुकता अतिरिक्त शेयर होते है जिसको कोई कंपनी अपने वर्तमान शेयर धारकों को जारी करती है।
BSE के शेयरों ने 1 साल की अवधि में मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। 1 साल में एनएसई पर यह शेयर 400 फीसदी भागा है जबकि पिछले 6 महीने में इसमें 134 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं 2022 में अब तक यह शेयर 151 फीसदी भागा है।
BSE की स्थापना 1875 में हुई थी। यह एशिया का पहला स्टॉक एक्सचेंज है। साथ ही भारत का लीडिंग एक्सचेंज ग्रुप है। BSE की स्थापना 1875 में ‘द नेटिव शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स ' एसोसिएशन के तौर पर की गई थी। 2017 में BSE भारत का पहला लिस्टेड स्टॉक एक्सचेंज बना। BSE का जाना माना इक्विटी इंडेक्स S&P BSE Sensex भारत के सबसे ज्यादा ट्रैक किए जाने वाले स्टॉक मार्केट बेंचमार्क इंडेक्स में से है।
फिलहाल 1.25 बजे के आसपास एनएसई पर यह शेयर 200.90 रुपये यानी 7.46 फीसदी की बढ़त के साथ 2893 रुपये पर कारोबार करता नजर आ रहा है। आज यह शेयर 2,706.00 रुपये पर खुला था। स्टॉक का 52 वीक हाई 2,945.00 रुपये है जबकि इसका 52 वीक लो 535.50 रुपये पर है। स्टॉक का आज का निचला स्तर 2,695.15 रुपये पर रहा जबकि इसका दिन का उच्चतम स्तर 2,945.00 पर रहा है। कंपनी का मार्केट कैप 13,126 करोड़ रुपये है।